तंजावुर 25 जनवरी। तमिलनाडु के तंजावुर में अराजक तत्वों ने मंगलवार को ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री एम जी रामाचंद्रन की प्रतिमा तोड़ दी और इसके बाद अन्नाद्रमुक कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
पुलिस ने कहा कि दो दशक पहले पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा नॉर्थ स्ट्रीट पर एमजीआर की मूर्ति लगायी थी, यह मूर्ति सड़क किनारे पड़ी मिली।
प्रतिमा तोड़े जाने से नाराज अन्नाद्रमुक कार्यकर्ता मौके पर जमा हो गए और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन करने लगे , इससे कुछ समय के लिए इलाके में तनाव बढ़ गया। मामले बढ़ता देख वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और सामान्य स्थिति बहाल की।
इसके बाद अन्नाद्रमुक के कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा को फिर से यथास्थान स्थापित किया।
फिलहाल तंजावुर पश्चिम पुलिस ने एक शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है।