कानपुर। जिले के चकेरी में एक 10 वर्षीय बच्ची ने बड़ी बहन के डांट से नाराज होकर ट्रेन के सामने कुदकर आत्महत्या कर ली। इधर घटना की जानकारी मिलने पर सदमे में बच्ची की दादी की भी जान चली गई। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बता दें कि मृतिका के पिता संतोष चौरसिया एक किराने की दुकान के मालिक हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी कुंती और सबसे छोटी बेटी अंजलि अपनी बीमार सास से मिलने उन्नाव गए थे। उनकी 10 साल की बेटी दिव्यांशी पड़ोस में एक भंडारा में शामिल होने गई थी। दिव्यांशी जब लौटी तो उसकी बड़ी बहन भव्या ने देर से लौटने पर उसे डांटा। बाद में इसी बात को लेकर दोनों में मारपीट हो गई।
जब संतोष रात को काम से लौटकर खाना खा रहा थे, उसी समय दिव्यांशी गुस्से में घर से निकल गई। बड़ी बेटी ने कुछ दूर तक उसका पीछा किया और उसे घर वापस आने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया और आगे बढ़ गई। बड़ी बेटी ने घर लौटकर अपने पिता को बताया कि दिव्यांशी बहुत दूर चली गई है। जिसके बाद उसके पिता दिव्यांशी की तलाश के लिए निकले।
वह जब रेलवे ट्रैक के पास पहुंचे तो उन्होंने दिव्यांशी का शव देखा। जिसके बाद पिता ने इसकी जानकारी श्यामनगर थाना पुलिस को दी। मौके में पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं अपनी पोती की मौत की जानकारी मिलने पर उसकी दादी गोमती चौरसिया की भी सदमे में मौत हो गई।