नई दिल्ली : स्वस्थ शरीर के लिए छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देना बेहद जरूरी होता है। हमारे शरीर को जिन चीजों से सबसे ज्यादा नुकसान होता है, नमक और चीनी का अधिक सेवन उनमें प्रमुख है। चीनी के अधिक सेवन से मोटापे और कैंसर के जोखिमों को लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञ अलर्ट करते रहे हैं, जबकि नमक की अधिकता ब्लड प्रेशर के खतरे को बढ़ा देती है। हाई ब्लड प्रेशर की समस्या को हृदय रोगों का प्रमुख जोखिम कारक माना जाता रहा है।
अध्ययनकर्ता, दुनियाभर में आहार में सोडियम की बढ़ी हुई मात्रा को गंभीर मानते हैं। अमेरिकी लोगों पर किए गए अध्ययन में पाया गया है कि यहां ज्यादातर लोग दैनिक जरूरतों से दो गुना अधिक की मात्रा में सोडियम का सेवन कर रहे हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, आहार में नमक की अधिकता सिर्फ हृदय रोग ही नहीं, कई प्रकार की अन्य गंभीर बीमारियों के जोखिमों को भी बढ़ाने वाली हो सकती है। इसकी मात्रा को लेकर गंभीरता से ध्यान दें।
सोडियम का अधिक सेवन हो सकता है खतरनाक
हमारे शरीर को बहुत ही कम मात्रा में सोडियम की जरूरत होती है। स्वस्थ लोगों के लिए प्रतिदिन लगभग 1,500 मिलीग्राम तक इसका सेवन पर्याप्त होता है हालांकि औसत रूप से ज्यादातर अमेरिकी लगभग 3,400 मिलीग्राम नमक का सेवन कर रहे हैं। बहुत अधिक नमक खाना स्ट्रोक, हृदय रोग और उच्च रक्तचाप का कारण बन सकता है। लेकिन आपको कैसे पता चलेगा कि आप बहुत अधिक नमक का सेवन कर रहे हैं? इसके लिए कुछ शारीरिक संकेतों को समझना बहुत आवश्यक हो जाता है।
क्या आपका पेट अक्सर फूला हुआ रहता है?
अगर आपका पेट अक्सर फूला हुआ रहता है तो ये इस बात का संकेत हो सकता है कि आप सामान्य से अधिक मात्रा में सोडियम का सेवन कर रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, कई ऐसे खाद्य पदार्थ भी हैं जो वैसे तो खाने में ज्यादा नमकीन नहीं होते हैं पर असल में उनमें सोडियम की मात्रा ज्यादा हो सकती है। सैंडविच, पिज्जा, डिब्बाबंद सूप भी नमक के गुप्त स्रोत हो सकते हैं। ये आपके शरीर में सोडियम की मात्रा को बढ़ाने वाले माने जाते हैं।
हाथों-पैरों में सूजन
पेट के अलावा अगर आपके हाथों-पैरों में भी अक्सर सूजन की समस्या बनी रहती है तो ये इस बात का संकेत हो सकती है कि आप नमक वाली चीजों का सेवन अधिक कर रहे हैं। शरीर में अधिक सोडियम होने के कारण आपके चेहरे, हाथ, पैर और टखने जैसे शरीर के अंगों में सूजन होने की सबसे अधिक संभावना होती है। इसकी गंभीरता को ध्यान में रखते हुए शरीर को स्वस्थ रखने के लिए आहार में नमक की मात्रा को कम करने का प्रयास किया जाना चाहिए।
बहुत ज्यादा लगती है प्यास?
यदि आपको भी बहुत प्यास लगती है, तो यह इस बात का संकेत हो सकता है कि आप बहुत अधिक नमक खा रहे हैं। नमक की अधिकता की स्थिति में आपका शरीर कोशिकाओं से पानी खींचता है और आपको बहुत अधिक प्यास लगने लग सकती है। पानी पीने से उस नमक को बेअसर करने में मदद मिल सकती है और ये आपकी कोशिकाएं तरोताजा होती हैं। यदि आपको बार-बार प्यास लग रही है तो इसके कारणों का सही निदान करना बहुत आवश्यक हो जाता है।