नई दिल्ली:– शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ कोर्ट में यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर जानलेवा हमला किया गया है। यह हमला उस समय हुआ जब वह रीवा एक्सप्रेस ट्रेन से प्रयागराज जा रहे थे। घटना फतेहपुर और कौशांबी जिले के सिराथू रेलवे स्टेशन के बीच हुई।
बताया जा रहा है कि आशुतोष ब्रह्मचारी पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अपनी जान बचाने के लिए उन्होंने ट्रेन के टॉयलेट में खुद को बंद कर लिया। इस हमले में उन्हें शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं और वह लहूलुहान हो गए।
प्रयागराज जा रहे थे आशुतोष ब्रह्मचारी
घटना के बाद घायल अवस्था में ही आशुतोष ब्रह्मचारी प्रयागराज पहुंचे। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। एबीपी न्यूज़ से फोन पर बातचीत में उन्होंने कहा कि हमलावर उनकी नाक काटने की कोशिश कर रहा था।
आशुतोष ब्रह्मचारी ने इस हमले के पीछे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की साजिश होने का शक जताया है। फिलहाल वह मेडिकल जांच के लिए अस्पताल जा रहे हैं। उन्होंने प्रयागराज जीआरपी में एफआईआर दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है, जिसमें स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद समेत अन्य लोगों को साजिशकर्ता बताया गया है। इस मामले में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ एक और आपराधिक केस दर्ज होने की संभावना है।
पहले लगाया था यौन उत्पीड़न का आरोप
गौरतलब है कि आशुतोष ब्रह्मचारी ने इससे पहले स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे और इस संबंध में उनके खिलाफ केस भी दर्ज कराया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि बाढ़ प्रभावित इलाकों से युवा बटुकों (धार्मिक छात्रों) को लाकर आश्रमों में रखा जाता है और उनके साथ गलत व्यवहार किया जाता है।
प्रयागराज में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आशुतोष ब्रह्मचारी ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने एक आश्रम में अनुचित व्यवहार होने का दावा करते हुए कई लोगों के नाम भी लिए थे, जिन्हें उन्होंने आरोपी बताया। साथ ही उन्होंने कहा था कि जो लोग गंगा मां को गंदा बताते हैं, वे गंगा में स्नान नहीं कर सकते।
