नई दिल्ली:– अगर आप मार्च 2026 में बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाने की योजना बना रहे हैं, तो पहले छुट्टियों का कैलेंडर जरूर देख लें। त्योहारों और साप्ताहिक अवकाश के चलते इस महीने देशभर में बैंक कुल 18 दिन बंद रहेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक की जारी सूची के अनुसार छुट्टियां राज्यों के हिसाब से अलग-अलग होंगी, क्योंकि कुछ अवकाश राष्ट्रीय स्तर पर लागू होते हैं, जबकि कई क्षेत्रीय त्योहारों पर निर्भर करते हैं।
महीने की शुरुआत ही छुट्टियों से होगी। उत्तर प्रदेश में होलिका दहन पर अवकाश रहेगा, जबकि होली के मौके पर देश के अधिकांश हिस्सों में बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद ईद-उल-फित्र और जुमात-उल-विदा के चलते कई राज्यों में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। महीने के अंत में रामनवमी और महावीर जयंती के अवसर पर भी विभिन्न राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा चापचर कुट, शब-ए-कद्र, गुड़ी पड़वा और उगादी जैसे क्षेत्रीय त्योहारों के कारण संबंधित राज्यों में अवकाश रहेगा।
साप्ताहिक छुट्टियों की बात करें तो महीने के सभी रविवार को बैंक बंद रहेंगे, वहीं दूसरे और चौथे शनिवार को भी शाखाएं नहीं खुलेंगी। हालांकि इन दिनों में ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआई और एटीएम सेवाएं जारी रहेंगी, लेकिन चेक क्लीयरेंस और ब्रांच से जुड़े कार्य प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे में ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि जरूरी लेन-देन और दस्तावेजी काम पहले से निपटा लें, ताकि त्योहारों के बीच किसी तरह की असुविधा न हो।
