नई दिल्ली:– सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस जिला केसीजी द्वारा सख्त कार्रवाई की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर खैरागढ़ यातायात पुलिस ने पिछले एक माह तक जन-जागरूकता अभियान चलाकर आम लोगों को नियमों के प्रति सचेत किया। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अब चालानी कार्रवाई शुरू की गई है।
मुख्य टेंपो चौक पर विशेष चेकिंग अभियान के दौरान नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने के 9 प्रकरण सामने आए। इन मामलों में संबंधित वाहन स्वामियों से मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत प्रति वाहन ₹1,000 का अर्थदंड वसूला गया। इसके अलावा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने के 7 प्रकरण तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के 5 मामलों में भी कार्रवाई की गई। कुल 21 प्रकरणों में ₹28,100 का जुर्माना वसूला गया। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी और आमजन से नियमों के पालन की अपील की गई है।
