मथुरा : सुप्रसिद्ध फिल्म निर्माता केसी शर्मा का निधन हो गया। उन्होंने 88 वर्ष की उम्र में शुक्रवार की रात अंतिम सांस ली. उनके निधन से मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई. उनका अंतिम संस्कार मुंबई में सांताक्रूज श्मशानभूमि में किया जायेगा।
मीडिया रिपोर्ट्स से मिल रही जानकारी के मुताबिक, दो साल पहले अपनी पत्नी के निधन के बाद से एकाकी जीवन व्यतीत करते रहे केसी शर्मा की हालत कुछ दिनों से ठीक नहीं चल रही थी। अवस्थाजनित परेशानियों के चलते वह ज्यादा चलते फिरते भी नहीं थे। परिवार के निकटस्थ सूत्रों के मुताबिक के सी शर्मा का निधन शुक्रवार की रात 8 बजे के करीब हृदयगति रुक जाने के चलते हुआ।

बता दें कि केसी शर्मा अपने जमाने के दिग्गज फिल्म निर्माता और निर्देशक बी आर चोपड़ा के काफी करीबी रहे। उन्हीं के बुलावे पर वह मथुरा छोड़कर मुंबई आए। बी आर चोपड़ा के साथ लंबे समय तक काम करते रहने के बाद उन्होंने अपनी खुद की प्रोडक्शन कंपनी शांतकेतन फिल्म्स के नाम से खोली। और, इसके लिए ‘श्रद्धांजलि’, ‘बंधन कच्चे धागों का’, ‘एलान ए जंग’ और ‘हुकूमत’ जैसी अपने समय की हिट फिल्में बनाईं।
वहीं, केसी शर्मा के बेटे अनिल शर्मा की बात करें को वह इंडस्ट्री से मशहूर निर्देशक हैं। अनिल को उनकी बेहतरीन फिल्मों में से एक गदर- एक प्रेम कथा के लिए जाना जाता है। सनी देओल और अमीषा पटेल स्टारर इस फिल्म का सीक्वल जल्द ही रिलीज होने वाला है। अनिल ने अपने लंबे करियर में अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र, रजनीकांत, सलमान खान जैसे कई बड़े कलाकारों के साथ काम किया है। उन्होंने अपने, वीर, अब तुम्हारे हवाले वतन साथियों, महाराजा, मां से लेकर सिंह साब द ग्रेट जैसी फिल्मों का निर्देशन किया है।