मध्यप्रदेश। दिग्विजय सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘रावण’ बताने पर बीजेपी ने आपत्ति जताई है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ग्विजय सिंह पर जवाबी हमला बोलते हुए कहा कि दिग्विजय हिन्दुओं का विरोध करने के मामले में ब्रांड एंबेसडर हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हिन्दू विरोधी नेताओं को राम में भी रावण दिखेगा.
रावण कौन है सब जानते हैं
वीडी शर्मा ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने महंगाई की बात की, लेकिन यह पता होना चाहिए कि दुनिया में सबसे कम महंगाई दर भारत में है. बेरोजगार युवाओं के साथ खुद दिग्विजय सिंह ने धोखा किया था. मोदी सरकार के दौरान 93 हजार स्टार्टअप की शुरुआत हुई. 10 लाख युवाओं को हर महीने नौकरी दी गई है. भ्रष्टाचार का रावण कौन है सब जानते हैं. वल्लभ भवन को उन्होंने भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था.
राम से की पीएम मोदी की तुलना
वीडी शर्मा ने आगे कहा कि दिग्विजय सिंह ने पीएम मोदी को लेकर जो ट्वीट किया है, वो उनकी देश विरोधी मानसिकता को दिखाता है. देश की जनता ने तय किया है देश में राम कौन है. देश में सुशासन का काम पीएम मोदी कर रहे हैं. कांग्रेस ने राम के अस्तित्व पर सवाल उठाया है. देश की 140 करोड़ जनता जानती है कि रावण कौन है और राम कौन है. भगवान श्रीराम का विरोध त्रेतायुग में रावण ने किया था तो वहीं अब कलियुग में कांग्रेस कर रही है.
