मध्यप्रदेश:- बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों में उठापटक शुरू हो गई है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पन्ना क्षेत्र के पुराने कांग्रेसी नेता को रविवार को भाजपा में शामिल करा दिया. कांग्रेसी नेता के भाजपाई बन जाने से कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है. ये नेता हैं कांग्रेस पार्टी के शाहनगर जनपद अध्यक्ष रहे आशीष खरे. आशीष खरे ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की मौजूदगी में भाजपा का दामन थाम लिया.
आशीष खरे न सिर्फ खुद बीजेपी में शामिल हुए बल्कि उन्होंने शाहनगर जनपद पंचायत के 25 जनपद सदस्यों में से 21 जनपद सदस्यों को भी भाजपा में शामिल करा दिया. क्षेत्रीय सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व्हीडी शर्मा ने उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई है. पवई विधानसभा क्षेत्र के कद्दावर नेता आशीष खरे के कांग्रेस को टाटा बाय बाय कर भाजपा में आने के बाद खजुराहो संसदीय क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी और मजबूत हो गई है.
बताते चलें की प्रदेश में राजनीतिक उठा-पटक के चलते और पूर्व सीएम कमलनाथ के कांग्रेस छोड़ भाजपा में जाने की अटकलों के बीच शाहनगर जनपद अध्यक्ष आशीष खरे ने कांग्रेस को बाय बाय बोला है. जनपद अध्यक्ष आशीष खरे पवई विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की टिकिट की दौड़ में शामिल थे लेकिन कमलनाथ ने उनको टिकिट न देकर मुकेश नायक पर भरोसा जताया था. लेकिन मुकेश नायक को हार का मुंह देखना पड़ा था.
कांग्रेस में हुई उपेक्षा से नाराज चल रहे थे आशीष खरे
आशीष खरे ने बीजेपी में शामिल होते हुए आरोप लगाए कि कांग्रेस पार्टी अपने मकसद से भटक गई है और पार्टी में लंबे समय से काम कर रहे पुराने कांग्रेसी नेताओं की लगातार उपेक्षा की जा रही थी. युवा नेताओं को भी यहां काफी संघर्ष करना पड़ रहा है. इसलिए उन्होंने खजुराहो सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के भोपाल स्थित बंगले में पहुंच कर शाहनगर जनपद पंचायत के इक्कीस जनपद सदस्यों के साथ भाजपा में शामिल हो गए. अब इस क्षेत्र में कांग्रेस की हालत और पतली हो गई है.
