लंदन। ब्रिटेन के किंग चार्ल्स-III की पत्नी कैमिला ताजपोशी के दौरान क्वीन एलिजाबेथ का कोहिनूर जड़ा ताज नहीं पहनेंगी। लंदन में बकिंघम पैलेस ने मंगलवार को कहा गया है कि भारत के साथ रिश्ते न बिगड़ें, इस बात को ध्यान में रखते हुए यह फैसला गया लिया है।
क्वीन मैरी का 100 साल पुराना क्राउन पहनेंगी कैमिला
इस फैसले के बाद कैमिला के लिए क्वीन मैरी का 100 साल पुराना क्राउन तैयार कराया जा रहा है। कैमिला को आधिकारिक तौर पर क्वीन का दर्जा देने के लिए 6 मई को क्वीन कंसोर्ट होगा। इसी दौरान वे नया ताज पहनेंगी।
कई बार कोहिनूर वापस मांग चुका है भारत
बता दें ब्रिटेन कि महारानी के ताज में दुनिया के कई बेशकीमती हीरे-जवाहरात जड़े हुए हैं, जिनमें कोहिनूर और अफ्रीका का हीरा ग्रेट स्टार ऑफ अफ्रीका शामिल हैं। इसकी कीमत करीब 40 करोड़ डॉलर आंकी गई है।
भारत ने ब्रिटेन के सामने कई बार कोहिनूर हीरे पर अपना कानूनी हक होने का दावा किया है। भारत की तरह अफ्रीका ने भी कई बार ब्रिटेन के शाही ताज में जड़े अपने बेशकीमती हीरे लौटाने की मांग की है।
कई देश करते हैं कोहिनूर पर अपना दावा
कोहिनूर हीरे का इतिहास विवादों से भरा रहा है। कहा जाता है कि साल 1849 में जब अंग्रेजों ने पंजाब पर कब्जा किया तो इस हीरे को ब्रिटेन की तब की महारानी विक्टोरिया को सौंप दिया गया था।
बाद में इसे और कई हीरों के साथ ब्रिटेन के शाही ताज में लगा दिया गया। भारत के अलावा पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान भी इस हीरे पर अपना दावा कर चुके हैं।