हजारीबाग : एक देवर ने अपनी विधवा भाभी से शादी कर ली। शिव मंदिर परिसर में दोनों ने भगवान शंकर को साक्षी मानकर सात फेरे लिए। इस दौरान बड़ी संख्या में गांव वाले मौजूद थे। युवक के द्वारा उठाए गए इस कदम का सब लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार हजारीबाग के महलोनिया टोला निवासी दशरथ प्रसाद के बडे पुत्र सरोज का विवाह बडकागांव की अर्चना के साथ 21 अप्रैल 2021 को हुआ था। 12 फरवरी 2022 को सरोज की मृत्यु हो गई। इसके बाद सरोज की पत्नी अर्चना और 10 माह की बेटी सृष्टि व परिजनों पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा। यह देख परिजनों और रिश्तेदारों ने मृतक सरोज के छोटे भाई संतोष कुमार (28 वर्ष) को विधवा भाभी अर्चना (22 वर्ष) से शादी करने का निर्णय लिया।
इधर लड़का भी अपनी भाभी से शादी रचाने के लिए तैयार हो गया। विधवा भाभी की ओर से भी सकारात्मक जवाब मिलने के बाद इस शादी की तैयारियां शुरू की गई। फिर धूमधाम से शुक्रवार की रात महलोनिया शिव मंदिर परिसर में देवर और भाभी पति-पत्नी के रिश्ते में बंध गए। बड़ी संख्या में ग्रामीण इस आदर्श विवाह में शामिल हुए और संतोष कुमार के इस उठाए गए कदम की सराहना की।