नई दिल्ली। 348 Mobile Apps Ban : केंद्र सरकार ने आज बड़ा कदम उठाया है। दरअसल भारतीय यूजर्स का डेटा चीन समेत दूसरे देशों को भेजने वाले 348 मोबाइल ऐप्स को बैन कर दिया है। इसे लेकर केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने लोकसभा में आज इसकी जानकारी दी। बताया कि जो यूजर्स की जानकारी एकत्र कर रहे थे और देश के बाहर स्थित सर्वरों को अनधिकृत तरीके से भेज रहे थे ऐसे मोबाइल ऐप्स को ब्लॉक कर दिया गया है।
इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने आज लोकसभा में रोडमल नागर के प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। सदन में उनसे पूछा था कि क्या सरकार ने देश से बाहर सूचना भेजने वाले किसी ऐप की पहचान की है। अगर की है तो ऐसे किसी ऐप्स के खिलाफ क्या कुछ कार्रवाई हुई है और कैसे इसका पता चला है।
जवाब में मंत्री ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने ऐसे 348 ऐप की पहचान की है और मंत्रालय के अनुरोध पर इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने इन सभी ऐप्लीकेशन को ब्लॉक कर दिया है। बताया कि इन ऐप्स डेटा प्रसारण भारत की संप्रभुता और अखंडता, भारत की रक्षा और राज्य की सुरक्षा का उल्लंघन कर रहे थे। मंत्री ने खुलासा किया कि इन ऐप्स के जरिए डेटा चीन समेत दूसरे देशों द्वारा विकसित किया गया है। जिसे अब बैन कर दिया है।