मुंबई, 27 जनवरी। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के मार्च से ब्याज दरों में तेज वृद्धि करने के संकेत से दुनिया की प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर लगभग डेढ़ साल के उच्चतम स्तर पर पहुंचने के दबाव में वैश्विक बाजार में कीमती धातुओं की बड़ी गिरावट से आज घरेलू सर्राफा बाजार में कोहराम मच गया और सोना 662 रुपये प्रति दस ग्राम एवं चांदी 1630 रुपये प्रति किलोग्राम लुढ़क गई।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोना हाजिर 0.88 प्रतिशत गिरकर 1802.04 डॉलर प्रति औंस रह गया। साथ ही अमेरिकी सोना वायदा 1829.90 डॉलर प्रति औंस पर सपाट रहा। इसी तरह चांदी हाजिर 2.61 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के लेकर 22.87 डॉलर प्रति औंस बोली गई।
विदेशी बाजार की गिरावट का असर देश के सबसे बड़े वायदा बाजार एमसीएक्स में भी देखा गया। इस दौरान सोना 662 रुपये उतरकर 48186 रुपये प्रति दस ग्राम और सोना मिनी 660 रुपये की टूटकर 48186 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गया। इसी तरह चांदी 1630 रुपये सस्ती होकर 62441 रुपये प्रति किलोग्राम और चांदी मिनी 1579 रुपये गिरकर 62691 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई।
विश्लेषकों का कहना है कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ने अपने नये अपडेट में संकेत दिया है कि मार्च में अमेरिकी ब्याज दरें बढ़ाने की संभावना है। साथ ही उसने अपनी परिसंपत्ति होल्डिंग्स में महत्वपूर्ण कमी शुरू करने से पहले उस महीने अपनी बॉन्ड खरीद को समाप्त करने की योजना की भी पुष्टि की है। इससे डॉलर में जबरदस्त तेजी आई है, जिसका दबाव कीमती धातुओं पर देखा जा रहा है।