मध्य प्रदेश :– जबलपुर जिले के एक चर्च में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने मतांतरण का आरोप लगाते हुए रविवार दोपहर जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ता चर्च परिसर में जय श्री राम के नारे लगाते हुए घुस गए। इसका दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध किया। कहासुनी बढ़ी और धक्का-मुक्की होते हुए मारपीट हो गई। प्रार्थना सभा के लिए रखीं कुर्सियां एक-दूसरे पर फेंकी गईं। पुलिस ने हंगामा शांत कराया।
घटना माढ़ोताल क्षेत्र के शिव शक्ति नगर स्थित चर्च की है। यहां रविवार को प्रार्थना सभा थी। क्रिसमस से पूर्व होने वाली इस प्रार्थना में काफी संख्या में लोग शामिल थे। इस बीच, दोपहर लगभग 12 बजे हिंदू संगठन के कार्यकर्ता चर्च के अंदर दाखिल हुए और चर्च में मतांतरण का आरोप लगाने लगे। वे श्रीराम के जयकारों के साथ मतांतरण नहीं होने देंगे जैसे नारे लगा रहे थे। इस पर प्रार्थना सभा में शामिल लोग उनका विरोध करने लगे। दोनों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट हो गई। वहां रखी कुर्सियां भी फेंक दी गईं।
