छत्तीसगढ़:– महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ रायगढ़ प्रवास के दौरान देर रात ग्राम कोसमनारा स्थित श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ एवं श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की तथा सभी नागरिकों को महाशिवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दीं।
1.20 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात:
मुख्यमंत्री ने जिला खनिज न्यास मद से 1 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। प्रस्तावित कार्यों में मुख्य भवन के सामने ग्रेनाइट फर्श सहित शेड निर्माण, आगंतुकों के विश्राम व भोजन हेतु शेड, शौचालय परिसर भवन का निर्माण, पार्किंग क्षेत्र के लिए सीमेंट कांक्रीट सड़क शामिल है, उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था मिलेगी और धाम का समग्र विकास होगा।
आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रमुख केंद्र:
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कोसमनारा स्थित यह धाम श्रद्धा, आस्था और सकारात्मक ऊर्जा का प्रमुख केंद्र है, जो समाज को आत्मबल और सही दिशा प्रदान करता है। प्रदेश सरकार गुरुजनों के आशीर्वाद और जनता के विश्वास के साथ जनकल्याण के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रही है। रायगढ़ जिला मुख्यालय से लगभग 7 किलोमीटर दूर स्थित यह धाम वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है। जनश्रुति के अनुसार, श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा वर्ष 1998 से कठोर तपस्या में लीन हैं और वर्ष 2003 में उन्हें ‘श्री श्री 108’ की उपाधि प्राप्त हुई। बताया जाता है कि उन्होंने पत्थरों को एकत्र कर शिवलिंग का स्वरूप निर्मित किया और उसी स्थान को अपनी तपोभूमि बनाया।
जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद:
इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सरपंच, गणमान्य नागरिक, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
