नई दिल्ली :- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मध्यप्रदेश के अशोक नगर के दौरे पर हैं। योगी आदित्यनाथ गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थन में सभा करने आए हैं। इस दौरान योगी ने अपने अंदाज में राम मंदिर मुद्दे को लेकर मुगलों को लताड़ा, वहीं पाकिस्तान समेत कांग्रेस के विरासत टैक्स को जजिया कर बताया। योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि हम उत्तर प्रदेश की 80 और मध्यप्रदेश की पूरी 29 सीटें जीतेंगे।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मैं जहां से संबोधित कर रहा हूं, वहां से रामलीला का मंच भी नजर आ रहा है। मध्य काल में मुगलों के शासनकाल में इस धरती पर रामलीला की परंपराओं को आगे बढ़ाया था। तब तुलसीदासजी से कहा गया था कि आप भी अकबर से मिल लो, आपको नवरत्न में शामिल करेंगे, लेकिन तुलसीदास ने कहा कि मैं उन्हें नहीं जानता, किसी ने कहा कि वो भारत का बादशाह है। लेकिन तुलसीदास ने कहा कि मेरा तो एक ही राजा है, वो है राम। उस मध्यकाल में तुलसीदास ने नारा दिया था राजा रामचंद्र की जय।
राम मंदिर बनाने में सिंधिया राजघराने का योगदान
योगी ने कहा कि मोदीजी के मार्गदर्शन में 500 वर्षों का इंतजार खत्म हुआ। वे कल अयोध्या आ रहे हैं। अयोध्या का रामजन्म भूमि का इतिहास जानकर गुना का हर व्यक्ति गौरवांवित होगा। एक स्वर में सभी ने कहा था कि हमें इसका नेतृत्व लेना चाहिए। वो स्वर था राजमाता विजयाराजे सिंधियाजी का। उन्होंने अपने व्यक्ति कार्यक्रम छोड़कर अयोध्या में राम मंदिर बनने चाहिए, इस उद्देश्य के साथ वे हमेशा राम मंदिर आंदोलन से जुड़ी रही। राजमाता आज हमारे बीच में नहीं, लेकिन, उनकी आत्मा को असीम शांति महसूस होती होगी। कितना वात्सल्य था उनके मन में, देश के लिए, समाज के लिए जनता के लिए सचमुच राजमाता थी। 15 सालों तकआपका नेतृत्व संसद में किया। जब साधन नहीं थे, तब भारत के रेल मंत्री के रूप में श्रीमंत माधवराव सिंधिया को इस क्षेत्र को सान्निध्य मिलता रहा।
सिंधिया ने देश में काम किया
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आजादी से लेकर 2014 तक सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे, और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने डेढ़ से अधिक संख्या पहुंचा दी। और पीएम मोदीजी के सपने को साकार कर दिया कि हवाई चप्पल पहने वाला भी हवाई यात्रा कर सके। गुना में इसलिए भी आया हूं कि सिंधिया परिवार ने किस प्रकार से राम जन्म भूमि के अभियान को आगे बढ़ाने का काम किया। चारों ओर एक ही स्वर है, मोदी सरकार का। उत्तर प्रदेश के सीएम ने कहा कि हर कोई कह रहा है कि जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे।
मुगलों का जजिया कर
योगी ने कहा कि आपने मुगलों में सबसे क्रूर बादशाह के बारे में सुना होगा। वो इतना क्रूर था कि आज का मुसलमान भी अपने बच्चों का नाम औरंगजेब नहीं रखता। औरंगजेब ने एक कर लगाया था जजिया कर। आज कांग्रेस भी जजियाकर लगाने की बात कर रही है। विरासत टैक्स। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि औरंगजेब ने हिन्दुओं पर जजिया कर लगाया था, ये वैसे ही चाहते हैं। आदित्यनाथ ने लोगों से पूछा कि क्या स्वतंत्र भारत में आप जजिया कर देंगे। एक तरफ मोदीजी कहते हैं कि विरासत का सम्मान करना चाहिए। हम सिंधिया परिवार को इसलिए सम्मान दे रहे हैं कि अफगान के हमले को उन्होंने नाकाम कर दिया था। मोदीजी कहते हैं कि हम गुलामी के अंशों को खत्म करेंगे और विरासत का सम्मान करेंगे। लेकिन, कांग्रेस कहती है कि हम विरासत टैक्स लगाएंगे।
राहुल गांधी पर निशाना
योगी ने राहुल गांधी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल कहते हैं हम सर्वे कराएंगे, एक्सरे कराएंगे। इसमें आपकी आधी संपत्ति ले लेंगे और कहेंगे कि यह विरासत टैक्स है। इसे कोई भारतीय स्वीकार नहीं किया जाएगा। दूसरा ओबीसी के आरक्षण पर भी सेंध लगाने का प्रयास होगा। अनुसूचित जाति के आरक्षण में भी सेंध लगाई जाएगी। कांग्रेस ने यह स्पष्ट कर दिया है। कर्नाटक सरकार ने वहां ओबीसी के आरक्षण में सेंध लगाई है। जिस कांग्रेस ने देश की आजादी में योगदान दिया था आज वो पथभ्रष्ट हो गई है।