जयपुर, 10 फरवरी । राजस्थान के जयपुर में पोक्सो कोर्ट ने पोक्सो एक्ट के तहत चार साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म एवं हत्या करने के दोषी को आज फांसी की सजा सुनाई।
जयपुर जिले में पोक्सो एक्ट में फांसी देने का यह पहला मामला बताया जा रहा है। मामले के अनुसार मामला सामने आने के बाद पुलिस ने केवल तेरह दिन में ही आरोपी के खिलाफ चालान पेश कर दिया था।
गत 12 अगस्त को जयपुर जिले के नरैना पुलिस थाने में यह मामला दर्ज कराया गया था। पुलिस को उसी दिन पानी की तलाई में बच्ची का शव तैरते हुए मिला था। शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची के साथ दुष्कर्म होने की पुष्टि हुई थी। जयपुर ग्रामीण पुलिस ने आरोपी सुरेश को 13 अगस्त को गिरफ्तार किया था।
अदालत ने आरोपी को गत चार फरवरी को दोषी ठहराया था।