
बिलासपुर। शनिवार की शाम चकरभाठा में रहने वाले डिप्टी रेंजर की लाश उनके ही घर में मिली है। शव तीन दिन पुरानी बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने मकान को सील कर दिया है। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसमें डिप्टी रेंजर के मौत का कारण स्पष्ट होगा।
चकरभाठा स्थित राम मंदिर के पीछे रहने वाले देवेंद्र पाठक डिप्टी रेंजर थे। बीते एक साल से वे ड्यूटी पर नहीं जा रहे थे। वे अपनी पत्नी और एक बेटी के साथ रहते थे। इसी बीच उन्होंने चकरभाठा में ही रहने वाली एक और महिला को अपने साथ रख लिया। इसे लेकर उनका पत्नी के साथ आए दिन विवाद होता था।
वहीं, दूसरी महिला भी उनकी पत्नी से भी विवाद करती थी। बुधवार को उनकी पत्नी और बेटी बिलासपुर चली गई। वहीं, महिला भी अपने घर चली गई। इस बीच डिप्टी रेंजर बुधवार की शाम साले के चकरभाठा स्थित घर गए। वहां उन्होंने साले के साथ बैठक शराब पी। इसके बाद वे अपने घर लौट आए। इसके बाद आसपास के रहने वालों ने उन्हें नहीं देखा। शनिवार की दोपहर घर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने इसकी जानकारी डिप्टी रेंजर की पत्नी को दी।
इस पर उनकी पत्नी और रिश्तेदार पहुंच गए। रिश्तेदारों और पुलिस की मौजूदगी में मकान का दरवाजा खोला गया। अंदर पलंग पर डिप्टी रेंजर की लाश पड़ी थी। कमरे में शराब की दो खाली बोतल भी थी। रात होने के कारण मकान को सील कर दिया गया है। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इससे डिप्टी रेंजर के मौत का कारण स्पष्ट होगा।