नई दिल्ली:- फिल्मों के साथ- साथ राजनीति की दुनिया में भी खूब नाम कमाया हेमा मालिनी ने 75 साल की उम्र में भी अभिनेत्री एक्टिव हैं। हालांकि, उनका राजनीतिक करियर धर्मेंद्र को मंजूर नहीं था। हेमा मालिनी ने अपने हालिया इंटरव्यू में खुलासा किया कि धर्मेंद्र उनके पॉलिटिक्स ज्वाइन करने के फैसले के सपोर्ट में नहीं थे।
धर्मेंद्र और हेमा मालिनी दोनों ने फिल्म के बाद राजनीति में हाथ आजमाया और सफलता पाई। हालांकि, फिल्मों में बिजी होने के कारण धर्मेंद्र राजनीति को ज्यादा समय नहीं दे पाए। वहीं, हेमा मालिनी अभी भी एक्टिव हैं।
हेमा मालिनी ने चुनाव लड़ने के उनके फैसले पर धर्मेंद्र की प्रतिक्रिया के बारे में बताया। न्यूज 18 को दिए इंटरव्यू में एक्ट्रेस ने कहा, “धरमजी को ये पसंद नहीं आया। उन्होंने मुझसे कहा कि मैं चुनाव ना लड़ूं, क्योंकि ये बहुत मुश्किल काम है। उन्होंने कहा, ‘मैंने इसका अनुभव किया है। ये एक कठिन काम है।’ मैंने सोचा कि इसे एक चुनौती के तौर पर लेती हूं। उन्हें एक समस्या का सामना करना पड़ा ,क्योंकि उन्हें बहुत ट्रैवेल करना पड़ता था, लेकिन फिर भी उन्होंने बहुत काम किया।
धर्मेंद्र के मना करने के बाद भी हेमा मालिनी पीछे नहीं हटीं और चुनाव लड़ने लगीं। अभिनेत्री ने कहा, जब आप राजनीति में काम करने वाले एक फिल्म स्टार होते हैं, तो लोगों में आपके के लिए बहुत दीवानगी होती है और वे आपसे मिलना चाहते हैं और आप कल्पना कर सकते हैं कि धरमजी को लेकर लोगों की दीवानगी कितनी थी, तो इससे उन्हें परेशानी होती थी। मुझे भी ऐसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है जो धरमजी को पसंद नहीं हैं।
हेमा मालिनी ने ये भी खुलासा किया कि वो विनोद खन्ना के राजनीतिक सफर से प्रेरित थीं। उन्होंने कहा, मैं विनोद खन्ना से प्रेरित थी, क्योंकि वह मुझे अपने चुनाव कैंपेन के लिए अपने साथ ले गए थे। उन्होंने मुझे बहुत कुछ सिखाया, भाषण कैसे देना है और कैसे जनता का सामना करना है। 5000-6000 लोगों के बीच भाषण देना कोई मजाक नहीं है।
