
कवर्धा : झण्डा विवाद के बाद से फरार चल रहे दुर्गेश देवांगन और उसके साथी प्रहलाद साहू को कवर्धा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कबीरधाम पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग से मिली जानकारी के मुताबिक 3 अक्टूबर को झंडा विवाद में शामिल दुर्गेश देवांगन और प्रहलाद साहू घटना के बाद से फरार चल रहे थे। जिसकी तलाश पुलिस कर रही थी। आज दुर्गेश देवांगन और प्रहलाद साहू को शदाणी दरबार चौक से सेजबहार थाना अंतर्गत गिरफ्तार किया गया है।
दुर्गेश देवांगन के सकुशल मिल जाने से उसके परिजनों ने राहत की सांस ली है लेकिन परिजनों को यकीन नहीं हो पा रहा है कि वह फरार चल रहा था और इस तरह उसकी गिरफ्तारी की ख़बर सामने आएगी । यहां सवाल उठना लाजिमी है कि अगर दुर्गेश अपने साथी के साथ फरार था तो इसके पीछे वजह क्या थी और उसने अपनी सकुशलता की खबर अपने परिजनों को क्यों नहीं दी थी जबकि मीडिया में बराबर खबर चल रही थी कि उसके लापता हो जाने से उसके परिजनों की हालत बदहवासों सी हो गई है ।
दूसरी तरफ सवाल खड़े होता है कि जब दुर्गेश के साथ भीड़ ने मारपीट की तो उसकी सुरक्षा के लिए पुलिस ने कौन से कदम उठाये । पुलिस ने उसी वक़्त दुर्गेश को अपनी कस्टडी में क्यों नहीं लिया । अगर उसके लापता होने के दौरान वो किसी अप्रिय वारदात का शिकार हो जाता तो इसका जिम्मेवार कौन होता ? सवाल कई हैं लेकिन जवाब फिलहाल किसी के पास नहीं है ।