
खरगोन: रामनवमी के जुलूस पर हुए पथराव के बाद शहर में तनाव का माहौल बना हुआ है। हालांकि हालात पर काबू पाने के लिए सरकार और जिला प्रशासन की टीम हर संभव कोशिश कर रही है। पथराव करने वालों के खिलाफ कल प्रशासन की टीम ने कार्रवाई भी की है। वहीं, हालात को देखते हुए शहर में लगातार दूसरे दिन भी कर्फ्यू जारी है, साथ ही कक्षा 8 वीं, 9 वीं और कॉलेज की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई है। इस संबंध में जिला कलेक्टर अनुग्रहा पी ने आदेश जारी कर दिया है।
बता दें कि मध्यप्रदेश का खरगौन मजहबी आग में जल रहा है, दो समुदायों की हिंसा में शहर का एक हिस्सा जल कर खाक हो गया है। 30 से ज्यादा मकान जल चुके हैं। एसपी सिद्धार्थ चौधरी को उपद्रवियों की गोली लगी है, 6 पुलिसवाले भी जख्मी हैं। 70 से ज्यादा परिवार फिलहाल बेघर हैं। खरगौन में कर्फ्यू लगा दिया गया है। पुलिस चप्पे चप्पे पर तैनात कर दी गई है।
दरअसल खरगौन में श्रीराम शोभायात्रा पर रविवार शाम को तालाब चौक के पास पथराव किया गया। रात करीब 9 बजे मामला कुछ शांत हुआ, लेकिन देर रात 12 बजे फिर हिंसा भड़क गई। आनंद नगर, संजय नगर मोतीपुरा में घर फूंक दिए गए, कुछ घरों में लूटपाट भी की गई।