
मांदर की थाप, सुर और ताल की लय पर बेहतरीन गेड़ी नृत्य ने दर्शकों का मन मोहा बालिकाओं ने ताइक्वांडो के माध्यम से किया शक्ति प्रदर्शन
बेटी बचाओ, बाल विवाह, दहेज प्रताड़ना, छेड़खानी, नशा मुक्ति पर लघु नाटिका के जरिए दी गई कानूनी संरक्षण की जानकारी
नारी शक्ति के रूप में उभरी भारत की महान विभूतियों से कराया प्रतिकात्मक परिचय आजीविका मिशन से संलग्न स्वसहायता समूह की महिलाओं ने सुनाई आर्थिक तरक्की की कहानी

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज महिलाओं के विकास और सुरक्षा पर जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया है। मां कल्याणिका पब्लिक स्कूल पेंड्रारोड के ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय महिला दिवस में नारी शक्ति की गूंज रही। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्या अर्चना पोर्ते ने कहा कि हमारी प्रथम गुरू हमारी मां होती है। मातृ शक्ति और नारी शक्ति को नमन करते हुए कहा कि आज का दिन हमारे लिए गर्व का दिन है। अब महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति सजग हो गई है। गांव, खेत, खलिहान से लेकर सामाजिक विकास, राष्ट्र निर्माण, शासन-प्रशासन सभी जगह महिला शक्ति विद्यमान है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण की दिशा में मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा गौठानों में शुरू किए गए आजीविका गतिविधियों के लिए उन्हे बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा ही ऐसा हथियार है, जिससे महिलाएं आगे बढ़ सकती है। जो महिलाएं शिक्षित है,वे संपन्न है, ऊंचे पदों पर पदस्थ है, उन्हें कमजोर तबके के महिलाओं को आगे बढा़ने के लिए आगे आना चाहिए। प्रकृति नारी को कभी कमजोर नहीं बनाती, इसलिए उन्हें पूरे हिम्मत के साथ रूकावटों, अड़चनों और चुनौतियों को पार करते हुए आगे बढ़ने का निरंतर प्रयास करना चाहिए।

कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने जय बिहान का नारा लगवाकर महिलाओं की आवाज बुलंद की। महिलाओं की आवाज जिले से बाहर निकलकर प्रदेश और देश तक पहुंचनी चाहिए आज के कार्यक्रम में महिलाओं का प्रदर्शन देखने को मिला। महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। देश-प्रदेश के निर्माण में उनका बहुत बड़ा योगदान है। हर दिन महिलाओं का है, आज महिला दिवस पर सभी एकत्रित होकर अपने शक्ति और संगठन का प्रदर्शन किया है। सभी को महिला दिवस की शुभकामनाएं दी।

पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने कहा कि महिलाओं को अपने ऊपर विश्वास करते हुए आगे बढ़ना चाहिए क्योंकि महिलाओं में क्षमता की कोई कमी नहीं है।जब एक महिला शिक्षित होती है तो पूरा परिवार और उसे पूरा समाज शिक्षित होता है जिससे समाज का सर्वांगीण विकास हो पाता है त्रिलोक बंसल ने अभिव्यक्ति ऐप के बारे में जानकारी दी कहा कि पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन महिलाओं को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर हमेशा सहयोग के लिए तत्पर है। इसलिए महिलाओं को बिना किसी भय के आगे बढ़ना चाहिए।
राज्य युवा आयोग के सदस्य उत्तम वासुदेव, जिला पंचायत बिलासपुर उपाध्यक्ष हेमकुंवर श्याम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अर्चना झा, महिला सेल प्रभारी लता चौरे, जनपद पंचायत पेंड्रा की अध्यक्ष आशा बबलू मरावी, जनपद पंचायत गौरेला की अध्यक्ष ममता पैकरा, कल्याणिका पब्लिक स्कूल की प्राचार्या विनित गाबा एवं श्वेता बंसल ने नारी शक्ति पर अपनी अभिव्यक्ति व्यक्त की।
जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, महिला एवं बाल विकास तथा आजीविका मिशन के सौजन्य से आयोजित महिला दिवस पर खचाखच भरे ऑडिटोरियम हॉल में महिलाओं के अधिकारों उनके संरक्षण पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जहां एक ओर मांदर की थाप, सुर और ताल की लय पर बेहतरीन गेड़ी नृत्य ने दर्शकों का मन मोहा, वहीं दूसरी ओर बालिकाओं ने ताइक्वांडो के माध्यम से शक्ति प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। किशोरी बालिकाओं द्वारा लघु नाटिका और प्रहसन के माध्यम से बेटी बचाओ, बाल विवाह, दहेज प्रताड़ना, छेड़खानी, नशा मुक्ति पर कानूनी संरक्षण की जानकारी दी गई। बालिकाओं ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक जनवरी 2022 को लॉंच किए गए अभिव्यक्ति एप से घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, छेड़खानी सहित महिलाओं से संबंधित अपराधों की शिकायत घर बैठे एप के जरिए कैसे किया जा सकता है, इसे प्रहसन के जरिए बताकर महिलाओं को जागरूक किया। कार्यक्रम में नारी शक्ति के रूप में उभरी भारत की महान विभूतियों- पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, न्यायमूर्ति एम. फातिमा बीबी, डॉ. आनंदी बेन जोशी, मदर टेरेसा, बछेंद्री पाल, साइना नेहवाल, सुरेखा यादव, रीता फाडिया का प्रतिकात्मक परिचय देकर नारी शक्ति को याद किया गया।
महिला दिवस पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से संलग्न विभिन्न स्वसहायता समूहों से जुड़ी मीना साहू ग्राम कोटगार,सरिता कश्यप ग्राम अड़भार,जानकी पुरी ग्राम खुदरी ने मिशन के सहयोग से मनिहारी, जनरल स्टोर, किराना स्टोर, कपड़ा दुकान, बर्तन दुकान, होटल, फर्नीचर दुकान के व्यवसाय से लाभ अर्जित करते हुए अपनी आर्थिक तरक्की के बारे में बताया। महिला दिवस पर उत्कृष्ट कार्य के लिए महिलाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही दांया हाथ आगे बढ़ाकर नारी शक्ति के सम्मान के लिए शपथ ली गई। इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी दिनेश पटेल, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए.आर.के. खूंटे, नगर पंचायत पेंड्रा अध्यक्ष राकेश जालान, नगर पंचायत गौरेला अध्यक्ष गंगोत्री राठौर, जनपद पंचायत मरवाही अध्यक्ष प्रताप सिंह मरावी, जिला पंचायत सदस्य संगीता करसायल, श्वेता मिश्रा, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी अतुल परिहार, जिला मिशन प्रबंधक दुर्गाशंकर सोनी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थी।