भारत के सबसे बड़े बिजनेस-टू-बिजनेस (बी2बी) ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म उड़ान ने वर्ष 2021 में 5 करोड़ ऑर्डरों की आपूर्ति करते हुए भारत के 1000 कस्बों और शहरों में 20 लाख टन से अधिक अत्यावश्यक वस्तुओं और 26 करोड़ इलेक्ट्रॉनिक्स, जनरल मर्चेंडाइस और लाइफस्टाइल श्रेणियों के उत्पादों की आपूर्ति की है।
कंपनी ने आज यहां जारी बयान में कहा कि 2021 में प्लेटफॉर्म 5 लाख से अधिक नए दुकानदार / किराना दुकानदार को जोड़ने में सफल रहा है। इस अवधि के दौरान, प्लेटफॉर्म पर 625 से अधिक विक्रेताओं ने 1 करोड़ रूपए प्रत्येक की बिक्री हासिल की। इस दौरान अत्यावश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में तेज वृद्धि देखी गयी है। प्लेटफॉर्म इस कैटेगरी में 3 लाख से अधिक नए दुकानदारों को जोड़ने में सफल रहा है और 94 प्रतिशत से अधिक की पुनरावृत्ति खरीद दर्ज किया।
वर्ष 2021 में उड़ान द्वारा 10 करोड़ से अधिक इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट्स भेजे गए, जिसमें 8.5 करोड़ से अधिक एक्सेसरीज़ और कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, 1 करोड़ मोबाइल हैंडसेट्स और 80 लाख कम्प्यूटर्स तथा आईटी एक्सेसरीज़ शामिल हैं। प्लेटफॉर्म द्वारा कर्नाटक, असम, नागालैंड और पश्चिम बंगाल से इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट्स हेतु बड़ी मात्रा में ऑर्डर मिले।
जनरल मर्चेंडाइस कैटेगरी के दुकानदारों द्वारा 3 करोड़ से अधिक प्रोडक्ट्स के ऑर्डर दिए गए। इसके तहत 70 लाख मेटल यूटेंसिल्स, 60 लाख क्लीनिंग प्रोडक्ट्स तथा किचन टूल्स, 50 लाख प्लास्टिक प्रोडक्ट्स, 30 लाख एप्लायंसेस तथा कुकवेयर आइटम्स और 10 लाख साइकल्स, खिलौने तथा बेबी केयर प्रोडक्ट्स की मांग देखने में आई। उड़ान को उत्तर पूर्व राज्यों, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश तेलंगाना और मध्य प्रदेश से जनरल मर्चेंडाइस आइटम्स के लिए भारी मात्रा में ऑर्डर मिले।