नई दिल्ली
प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने विदेशी नागरिकों के साथ ठगी करने वाले तीन शातिर लोगों को मथुरा से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा हैं कि तीनों आरोपी मथुरा में फर्जी कॉल सेंटर चलाते थे।
आरोपी सस्ते लोन का लालच देकर अमेरिका, कनाडा और फिलीपींस जैसे देशों के लोगों को ठग रहे थे। ईडी ने इस गिरोह के मास्टर माइंड शाहनवाज अहमद जिलान सहित उसके 2 साथियों को अरेस्ट किया हैं।
एजेंसी ने मामले की जानकारी देते हुए शनिवार को बताया कि गिरोह के मास्टरमाइंड शाहनवाज अहमद जिलान को गिरफ्तार कर लिया है। शातिर ठग शहनवाज डेविड मॉरिसन नाम से ठगी करता था। इसके अलावा विपिन कुमार शर्मा और विराज सिंह कुंतल को भी गिरफ्तार किया गया है, जो कि ठगी के इस कारोबार में शाहनवाज का साथ देते थे। आरोपियों को विशेष धन शोधन निवारण अधिनियम अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 5 जुलाई तक ईडी की हिरासत में भेज दिया गया।
मामले में एजेंसी ने 27 जून को राजस्थान के जयपुर और नागौर तो वहीं उत्तर प्रदेश के मथुरा, कानपुर, प्रयागराज और लखनऊ में 14 जगह छापेमारी की थी। जिसके बाद तीनों को गिरफ्तार किया जा सका हैं।
इस दौरान मथुरा के दो कॉल सेंटर से अपराध सामग्री जब्त की गई। दोनों कॉल सेंटरों से 90.37 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं। ईडी ने बताया कि कि कॉल सेंटरों में काम करने वाले कुछ लोगों ने जयपुर में भी इसी तरह के फर्जी सेटअप किया था। उनके खिलाफ राजस्थान पुलिस मामला दर्ज कर चुकी है।