नई दिल्ली:– दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। खबरों के मुताबिक 7 या 8 जनवरी को केंद्रीय चुनाव आयोग दिल्ली चुनाव की तारीखों की घोषणा कर सकता है। ऐसा बताया जा रहा है कि फरवरी के दूसरे हफ्ते में दिल्ली में चुनाव होगा तथा 15 फरवरी के बाद नतीजे आएंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि 11 से लेकर 13 फरवरी के बीच दिल्ली में एक चरण में ही मतदान समाप्त हो जाएगा। मतों की गणना 15 या 16 फरवरी को हो सकती है। ऐसे में माना जा रहा है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर केंद्रीय चुनाव आयोग की तैयारी लगभग अंतिम चरण में है।
शिवराज सिंह चौहान की चिट्ठी पर पॉलिटिक्स
सभी पार्टियां राजधानी का किला फतह करने के लिए एक्टिव हो गई हैं। इन दिनों राजधानी में लेटर वॉर चल रहा है। पहले इस लेटर वॉर में एलजी वीके सक्सेना और सीएम आतिशी मार्लेना ने एक दूसरे पर लेटर बम फोड़ा तो अब शिवराज सिंह चौहान की चिट्ठी ने राजनीतिक हलचल बढ़ा रखी है।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान नए साल वाली सियासी चिट्ठी पर पहले दिल्ली की सीएम आतिशी मार्लेना ने जवाब दिया। आतिशी ने अपने बयान में कहा कि बीजेपी का किसानों के बारे में चिंता करना वैसे ही है जैसे दाऊद इब्राहिम अहिंसा पर प्रवचन दे रहा हो। दिन खतम होते-होते केजरीवाल भी इस रण में कूद गए और भाजपा को जमकर कोसा।
वीरेंद्र सचदेवा नहीं लड़ेंगे चुनाव
दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। हालांकि, इसको लेकर अभी उनकी ओर से कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन भाजपा से जुड़े सूत्रों ने इस बात की जानकारी दी है। वो इस चुनाव में बीजेपी की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रबंधन का काम करेंगे। इससे पहले भाजपा और आप में वोटर लिस्ट को लेकर रार छिड़ी हुई है। केजरीवाल कई बार प्रेस वार्ता करके भाजपा पर निशाना साध चुके हैं। वहीं अवैध घुसपैठियों का आरोप लगाते हुए बीजेपी लगातार आम आदमी पार्टी को काउंटर कर रही है।
