उत्तरप्रदेश:- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बदायूं के दातागंज विधानसभा के सैंजनी गांव में हिन्दुस्तान पेट्रोलियम द्वारा स्थापित किए गए सीबीजी प्लांट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस व आवासन एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सीबीजी प्लांट से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ किसानों की आय में भी वृद्धि होगी। इससे किसानों द्वारा खेतों में पराली जलाने की समस्या का समाधान होगा। सीबीजी प्लांट से प्रतिदिन 100 मीट्रिक टन धान की पराली का उपयोग करते हुए 14.25 मीट्रिक टन बायोगैस का उत्पादन होगा। साथ ही 65 मीट्रिक टन ठोस जैविक खाद का भी उत्पादन होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि यूपी में आने वाले दिनों में 100 सीबीजी प्लांट लगाए जाएंगे। प्रत्येक प्लांट से सीधे-सीधे 100 से अधिक लोगों को नौकरियां मिलेंगी। साथ ही साथ इससे जुड़े सहायक उद्यमों में भी बड़े पैमाने पर रोजगार का सृजन होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल में हुए रामलला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रभु का भव्य प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम सच्चे अर्थों में भारत के गौरव की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम था। ये जन विश्वास के प्राण प्रतिष्ठा का कार्य था। उन्होंने कहा कि आज का नया उत्तर प्रदेश समृद्धि, सुरक्षा, सुशासन और सुव्यवस्था के नये मानक गढ़ रहा है।
