हरियाणा में आज प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हो जाएगा। रविवार को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के परिणाम सामने आ जायेंगे।
आपको बता दें कि हरियाणा में जिला परिषद की 411 और पंचायत समिति की 3081 सीटों के लिए चुनाव हुआ है। सुबह आठ बजे से सभी 22 जिलों में एक साथ मतगणना शुरू होगी। नौ बजे तक बैलेट पेपर गिने जाएंगे। नौ बजे के बाद ईवीएम की मतगणना होगी और दोपहर तक राजनीतिक परिदृश्य साफ हो जाएगा।
सोनीपत में मतगणना की तैयारी पूरी हो चुकी है। मतगणना स्थलों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अंदर जो भी उम्मीदवार या एजेंट जा रहे हैं, उनकी सघन तलाशी ली जा रही है।
इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में बंद मतों की गिनती प्रत्येक खंड (ब्लॉक) स्तर पर होगी। मतगणना में लगे सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। यदि किसी कारणवश किसी भी ईवीएम में कोई गड़बड़ी पाई जाती है तो ऐसी परिस्थिति से निपटने के लिये भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड और इलेक्ट्रॉनिक कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के इंजीनियर मौजूद रहेंगे।