रायपुर:– छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्यिक कर विभाग ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए हिंदी फीचर फिल्म ‘शताब्दी: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष’ को प्रदेश में प्रदर्शन हेतु कर राहत प्रदान की है। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार 28 फरवरी 2026 से आगामी छह माह तक फिल्म के प्रदर्शन पर देय राज्य माल एवं सेवा कर (एसजीएसटी) की समतुल्य राशि की प्रतिपूर्ति की जाएगी।
यह निर्णय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर आधारित फिल्म के कथानक एवं उसके विशेष गुणों को दृष्टिगत रखते हुए लिया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित सिनेमाघर एवं मल्टीप्लेक्स दर्शकों को टिकट की बिक्री राज्य माल एवं सेवा कर की राशि घटाकर करेंगे तथा सामान्य प्रवेश शुल्क में किसी प्रकार की वृद्धि नहीं की जाएगी।
शासन ने यह भी निर्देशित किया है कि इस सेवा पर देय कर की राशि का वहन प्रदाता द्वारा किया जाएगा, जिसकी प्रतिपूर्ति राज्य शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जाएगी। आदेश के क्रियान्वयन से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश आयुक्त, राज्य कर द्वारा पृथक से जारी किए जाएंगे।
राज्य सरकार के इस फैसले से प्रदेश के दर्शकों को सीधे तौर पर टिकट दरों में राहत मिलने की संभावना है, साथ ही फिल्म के व्यापक प्रदर्शन को भी प्रोत्साहन मिलेगा। आदेश नवा रायपुर अटल नगर से राज्यपाल के नाम से तथा आदेशानुसार जारी किया गया
