नई दिल्ली:– इस एक महीने में इतनी बड़ी घटनाएं और ट्रेंड्स सामने आए कि उन पर यकीन करना मुश्किल हो जाता है। इंटरनेट की भाषा में इसे ‘सदी का सबसे लंबा मार्च’ तक कहा जा रहा है। अब जब महीना खत्म होने को है, आइए नजर डालते हैं मार्च 2026 की उन प्रमुख खबरों और ट्रेंड्स पर, जिन्होंने सोशल मीडिया से लेकर लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी तक गहरा असर डाला।
इजराइल-ईरान तनाव: जंग के साथ डिजिटल वार
मार्च की शुरुआत वैश्विक तनाव के साथ हुई। इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा संघर्ष इस महीने और तेज हो गया। खास बात यह रही कि यह जंग सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं रही, बल्कि सोशल मीडिया पर भी AI वीडियो और मीम्स के जरिए ‘डिजिटल वॉर’ देखने को मिला। दुनियाभर की नजरें अब भी इस टकराव पर टिकी हुई हैं।
टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत
8 मार्च 2026 को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर T20 वर्ल्ड कप जीत लिया। इस जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल रहा और सोशल मीडिया पर बधाइयों, वीडियो और मीम्स की बाढ़ आ गई।
‘धुरंधर 2’ का जलवा
19 मार्च को रिलीज हुई फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन किया। फिल्म ने कुछ ही दिनों में ₹1000 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली और लगातार चर्चा में बनी हुई है। इसके गाने और डायलॉग्स सोशल मीडिया पर ट्रेंड करते रहे।
90s नॉस्टैल्जिया ट्रेंड
इस महीने ‘What Were You Like in the 90s?’ ट्रेंड ने सोशल मीडिया पर धूम मचा दी। लोगों ने अपनी पुरानी तस्वीरें शेयर करते हुए 90 के दशक की यादें ताजा कीं। खासकर युवाओं के लिए यह ट्रेंड काफी दिलचस्प रहा।
‘मां’ वाला इमोशनल ट्रेंड
महीने के आखिर में ‘मेरी मां मुझे बचाने आ रही है’ ट्रेंड ने लोगों को भावुक कर दिया। लाखों यूजर्स ने अपनी मां के साथ जुड़ी यादें और भावनाएं साझा कीं, जिसने इंटरनेट पर एक अलग ही माहौल बना दिया।
मार्च 2026 को अगर एक लाइन में कहें तो—घटनाओं, जश्न, तनाव और ट्रेंड्स से भरा महीना रहा। इस महीने ने लोगों को कभी खुश किया, तो कभी चिंता में डाल दिया।
गैस सिलेंडर संकट
मार्च महीने में ही देश में गैस सिलेंडर को लेकर संकट की स्थिति बन गई है। अंतरराष्ट्रीय हालात और सप्लाई चेन में आई बाधाओं का असर अब घरेलू बाजार पर साफ दिखाई देने लगा है। कई क्षेत्रों में LPG सिलेंडर की उपलब्धता प्रभावित हो रही है, जिससे आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि कच्चे तेल और गैस की बढ़ती कीमतों के कारण सिलेंडर के दामों में भी बढ़ोतरी की आशंका है। खासकर मध्यम और निम्न आय वर्ग के लिए यह स्थिति चिंता का विषय बनती जा रही है। सरकार और संबंधित एजेंसियां स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास में जुटी हैं, लेकिन अगर हालात जल्द नहीं सुधरे, तो आने वाले दिनों में यह संकट और गहरा सकता है।
