नई दिल्ली:– देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन हो गया है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की तबीयत बिगड़ने के बाद गुरुवार शाम को उन्हें एम्स दिल्ली में भर्ती कराया गया था। रात करीब आठ बजे एम्स की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था।
92 वर्षीय सिंह को अस्पताल के आपातकालीन विभाग में लाया गया था। उन्हें हार्ट से संबंधित परेशानी थी। बता दें 13 अक्टूबर 2021 को मनमोहन सिंह बुखार की शिकायत के बाद दिल्ली एम्स में भर्ती कराए गए थे। उस दौरान उनका बुखार ठीक हो गया था, लेकिन बाद में उन्हें कमजोरी होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मनमोहन सिंह की टिप्पणी सच साबित हुईः थरूर
मनमोहन सिंह के निधन पर शशि थरूर ने कहा कि डॉ. सिंह की टिप्पणी सच साबित हुई। कांग्रेस नेता ने कहा कि मनमोहन सिंह ने 2014 में कहा था, “मैं ईमानदारी से मानता हूं कि इतिहास मेरे प्रति समकालीन मीडिया या संसद में विपक्षी दलों की तुलना में अधिक दयालु होगा और सिर्फ दस साल बाद, वह पहले से ही सही साबित हो रहे हैं।
केंद्र सरकार ने आज के सभी कार्यक्रम रद किए
केंद्र सरकार ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर आज के सभी कार्यक्रम रद कर दिए हैं और 7 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
कांग्रेस ने सात दिनों के लिए कार्यक्रम रद्द किए
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मनमोहन सिंह के निधन पर कहा कि यह एक दर्दनाक स्थिति है। डॉ. मनमोहन सिंह कांग्रेस और देश के असली प्रतीक थे। आजादी के बाद के नायक थे। देश पर शासन करने की उनकी दूरदर्शिता और क्षमता को सभी ने देखा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी कार्यक्रम सात दिनों के लिए रद्द कर दिए गए हैं, जिसमें 28 दिसंबर को कांग्रेस के स्थापना दिवस सहित 7 दिनों के लिए कांग्रेस के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।