पटना:- 2024 के लोकसभा चुनाव में मुंगेर की सीट हाई प्रोफाइल हो गई है. कहने को तो इस सीट से एक बार फिर जेडीयू और भाजपा यानी एनडीए का गठबंधन साथ हैं और एनडीए की टक्कर राजद से है लेकिन इस चुनाव में दो-दो ललन सिंह की इंट्री ने लड़ाई रोचक बना दी है. जेडीयू से राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और मोकामा विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा से पत्नी को उपचुनाव लड़ाने वाले नलिनी रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के निर्दलीय लड़ने की घोषणा से मुंगेर लोकसभा की लड़ाई को रोचक बना दिया.
राजद ने इस सीट से जेल से निकले गैंगस्टर अशोक महतो की पत्नी अनीता देवी को उम्मीदवार बनाया है, ऐसे में मुंगेर को बाहुबलियों का आखाड़ा कहना शायद ही गलत होगा. मुंगेर लोकसभा का फैसला हमेशा से बाढ़ और मोकामा करते आया है. इस बार मुंगेर लोकसभा में सबसे बड़े बाहुबली जेल में बंद मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह जिनकी बाढ़ और मोकामा सहित मुंगेर लोकसभा में बड़ी पकड़ मानी जाती है का साथ एनडीए के साथ है यानी वो उम्मीदवार राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के साथ खड़े हैं.
मोकामा के नलिनी रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह जो मोकामा से कभी खुद तो कभी अपनी पत्नी को विधानसभा चुनाव लड़वा चुके हैं ने निर्दलीय मुंगेर से चुनाव लड़ने की घोषणा से समीकरण गड़बड़ा दिया है. बड़े गैंगस्टर्स में शुमार और जेल से निकले अशोक महतो टिकट की चाह में शादी की और अपनी पत्नी अनीता देवी को राजद से टिकट दिलवाने में सफलता पाई. बड़े-बड़े बाहुबलियों का इस्तेमाल इस लोकसभा के चुनाव में इस्तमाल होने के कयास लगाए जा रहे है.
चुनाव को लेकर नामांकन की तैयारी जोरों पर है. दो-दो ललन की नामांकन की तैयारी को लेकर पूरे टाल क्षेत्र में चर्चा है लेकिन मुख्य लड़ाई एनडीए और राजद के बीच की मानी जा रही है. मुंगेर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्ग मोकामा और बाढ़ भी आता है. इसकी सीमा पटना साहिब लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र बख्तियारपुर से लगती है. वर्तमान में मुंगेर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में निम्नलिखित छह विधानसभा क्षेत्र मुंगेर, जमालपुर, सूर्यगढ़ा, लखीसराय, मोकामा, 6. बाढ़ है.
मुंगेर लोकसभा 2014 में नरेंद्र मोदी लहर में भाजपा-जदयू और राजद ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था. जिसमे भाजपा की सहयोगी लोजपा से सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी की बड़ी जीत हुई थी. 2019 में जेडीयू के ललन सिंह के सामने बाहुबली विधायक अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी थीं लेकिन ललन सिंह ने 2019 के चुनाव में नीलम देवी को बड़ी अंतर से हराया था. लोकसभा चुनाव 2019 में जेडीयू के राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने 5,25,519 वोटो हासिल किए थे. उपविजेता कांग्रेस पार्टी की नीलम देवी रहीं थीं. तब जीत का अंतर 1,66,216 वोट का था.
