भारत की टेलीकॉम इंडस्ट्री में करीब 6 साल बाद एक और जंग की बिसात बिछती दिख रही है। देश का टेलीकॉम सेक्टर जो फिलहाल चार कंपनियों जियो, एयरटेल, वोडा आइडिया और बीएसएनएल तक सिमट गया है, अब इस सेक्टर में एक नए प्लेयर की एंट्री होने जा रही है।
देश के अरबपति कारोबारी गौतम अडाणी का समूह अप्रत्याशित रूप से दूरसंचार स्पेक्ट्रम हासिल करने की दौड़ में शामिल होने की योजना बना रहा है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।पांचवीं पीढ़ी या 5जी दूरसंचार सेवाओं जैसे तेज इंटरनेट प्रदान करने में सक्षम इन एयरवेव की नीलामी में भाग लेने के लिए आवेदन शुक्रवार को कम से कम चार आवेदकों के साथ बंद हुए। ये नीलामी 26 जुलाई को होनी है।
मामले की जानकारी रखने वाले तीन सूत्रों ने बताया कि दूरसंचार क्षेत्र की तीन निजी कंपनियों – जियो, एयरटेल और वोडाफोन आइडिया ने आवेदन किया है। सूत्रों में से एक ने कहा कि चौथा आवेदक अडाणी समूह है।