नई दिल्ली:– उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के चलते पांच दिनों तक रोकी गई बदरी-केदार यात्रा फिर शुरू हो गई। बदरीनाथ धाम में 1229 यात्री पहुंचे। 9027 यात्री केदारनाथ के लिए रवाना हुए। वहीं हेमकंड यात्रा भी शुरू हो गई है। उधर गंगोत्री और यमुनोत्री की यात्रा शुरू नहीं हो पाई है।
उत्तराखंड में बीते 5 दिन भारी बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन ने तबाही मचाई। भयावह हालातों के बाद अब राहत की खबर आई है। केदारनाथ में बीते पांच दिनों से पसरा सन्नाटा यात्रियों की आवाजाही से टूट गया। बड़ी संख्या में यात्रियों ने केदारनाथ धाम में जय बाबा केदार के जयघोषों के साथ दर्शन किए। बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब में भी श्रद्धालुओं ने पहुंचना शुरू कर दिया है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि उत्तराखंड शासन द्वारा पांच दिनों के मौसम अलर्ट के चलते यात्रा पर रोक थी जबकि शनिवार को यात्रा पुन: सुचारु हो गई है। यात्रा शुरू होने से चहल-पहल बढ़ गई है।
गंगोत्री-यमुनोत्री धाम आवाजाही के लिए बंद
गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग शनिवार को हेल्गुगाड़ में मलबा आने से दिनभर आवाजाही के लिए बंद रहा। यहां बीआरओ की जेसीबी मशीन और मजदूर मार्ग को खोलने में जुटे हैं। वहीं जंगलचट्टी, बनास, नारदचट्टी में यमुनोत्री मार्ग बाधित है।
