नई दिल्ली:– हज कमेटी ऑफ इंडिया ने वर्ष 2026 की मुकद्दस हज यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए एक नई पहल शुरू करने जा रही है। कमेटी ने सभी चयनित हज यात्रियों को स्मार्ट बैंड प्रदान करने का निर्णय लिया है, जिसका उद्देश्य मुकद्दस सफर के दौरान यात्रियों को रास्ते से भटकने या कहीं खो जाने से बचाना है। यह बैंड हज सुविधा ऐप से जुड़ा रहेगा, जिससे यात्रियों की लोकेशन रीयल टाइम में ट्रैक की जा सकेगी। समस्या की स्थिति में तत्काल एसएमएस अलर्ट भी भेजा जाएगा।
उत्तर प्रदेश राज्य हज कमेटी के सचिव एसपी तिवारी ने बताया कि ज्यादातर हज यात्री वरिष्ठ नागरिक होते हैं, जो मोबाइल ऐप्स का उपयोग करने में असहज महसूस करते हैं। इसलिए स्मार्ट बैंड जैसे सरल उपकरण से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि सरकार हज यात्रा के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। स्मार्ट बैंड से न केवल यात्रियों की लोकेशन ट्रैक होगी, बल्कि आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध हो सकेगी।
फरवरी में स्मार्ट बैण्ड का प्रशिक्षण
राज्य हज कमेटी के सचिव एसपी तिवारी ने बताया कि जनवरी अन्तिम सप्ताह या फरवरी माह में हज कमेटी ऑफ इंडिया से स्मार्ट बैण्ड मिल जाएंगे। इसके बाद स्मार्ट बैण्ड प्रशिशण कार्यशाला लगाई जाएगी। जिसमें स्मार्ट बैण्ड कैसे काम करता है, क्या क्या सुविधाएं हैं, मुकिश्ल समय में इसका प्रयोग कैसे करें आदि को विस्तार से सिखाया जाएगा। यह पहल न केवल सुरक्षा बढ़ाएगी, बल्कि यात्रियों के परिवारों को भी मानसिक शांति प्रदान करेगी।
यूपी से 18,760 हज यात्रियों का चयन
वर्ष 2026 की हज यात्रा के लिए उत्तर प्रदेश से कुल 18,760 यात्रियों का चयन किया गया है। जो वर्ष 2026 की मुकद्दस हज यात्रा पर जाएंगे। अभी किस्तों को जमा किया जा रहा है। इसके बाद हज कैम्प लगाएं जाएंगे।
