मध्यप्रदेश:– होली के अवसर पर मध्यप्रदेश के करीब 12 लाख शासकीय कर्मचारी और पेंशनर्स को बड़ी राहत मिली है। राज्य सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इसके साथ ही अब कर्मचारियों को 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा।
सीएम डॉ. मोहन यादव की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा करते हुए बताया कि राज्य के शासकीय सेवकों का महंगाई भत्ता 55% से बढ़ाकर 58% किया जा रहा है। यह बढ़ा हुआ डीए अप्रैल 2026 (मई में देय वेतन) से लागू होगा। उन्होंने कहा कि जुलाई 2025 से मार्च 2026 तक की एरियर राशि मई 2026 से शुरू होकर 6 समान किस्तों में दी जाएगी।
एरियर का भुगतान 6 किस्तों में
सरकार के अनुसार कर्मचारियों को बकाया राशि एकमुश्त न देकर छह बराबर किस्तों में दी जाएगी। इसका भुगतान मई 2026 से प्रारंभ होगा। इससे कर्मचारियों को आर्थिक रूप से राहत मिलेगी।
पेंशनर्स को भी मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि पेंशनर्स को भी जनवरी और फरवरी 2026 की पेंशन में 58% महंगाई भत्ता दिया जाएगा। सरकार ने साफ किया कि यह फैसला कर्मचारियों और पेंशनर्स दोनों के हित में लिया गया है।
केंद्र के समान हुआ डीए
अब मध्यप्रदेश में कर्मचारियों को केंद्र सरकार के बराबर 58% महंगाई भत्ता मिलेगा। इससे पहले राज्य कर्मचारियों को 55% डीए मिल रहा था, जबकि केंद्र सरकार पहले से ही 58% दे रही थी। लंबे समय से कर्मचारी केंद्र के समान डीए की मांग कर रहे थे, जिसे सरकार ने होली के मौके पर पूरा कर दिया।
