नई दिल्ली :- अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार में चीन ‘एक इंच’ जमीन पर भी कब्जा नहीं कर सकता है। उन्होंने दावा किया कि जनता कभी नहीं भूल सकती कि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने 1962 में चीन के हमले के दौरान असम और अरुणाचल प्रदेश को ‘बाय-बाय’ कह दिया था।
असम के लखीमपुर में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नीत केंद्र सरकार ने बांग्लादेश से लगती सीमा को सुरक्षित किया और घुसपैठ पर रोक लगाई।
अमित शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आपको 19 अप्रैल को तय करना होगा कि आपका सांसद कौन होगा, कौन सी पार्टी सरकार बनाएगी और अगला प्रधानमंत्री कौन होगा। आपके सामने दो विकल्प हैं एक तरफ राहुल गांधी के नेतृत्व में INDI गठबंधन है और दूसरी तरफ नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा है।
