आजादी की 75वीं वर्षगांठ के गौरवमयी क्षण को यादगार बनाने के लिए छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) की जनता की ओर से माउंट एल्ब्रुस (Mount Elbrus) की चोटी पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया जाएगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (CM Bhupesh Baghel) ने छत्तीसगढ़ की युवा पर्वतारोही अंकिता गुप्ता (Ankita Gupta) को मांउट एल्ब्रुस की चोटी पर तिरंगा प्रदान करते हुए उन्हें उनके पर्वतारोहण अभियान के लिए अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
कबीरधाम की रहने वाली अंकिता गुप्ता अपने पिता मदन गुप्ता के साथ सीएम भूपेश बघेल से मुलाकात करने सीएम निवास पहुंची थी।सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ को यादगार बनाने और लोगों में देशभक्ति की भावना को अक्षुण्य बनाने के लिए छत्तीसगढ़ में हमर तिरंगा अभियान संचालित किया जा रहा है। राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हमारे राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 11 अगस्त से 17 अगस्त तक राज्य के सभी सरकारी और निजी संस्थानों सहित हर घर में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने का आग्रह हमने लोगों से किया है। वहीं अंकिता गुप्ता ने बताया कि वह 8 अगस्त को माउंट एल्ब्रुस की चोटी के फतह के लिए रवाना होंगी। इस चोटी की ऊंचाई 18,510 फीट है।अंकिता गुप्ता 15 अगस्त को माउंट एल्ब्रुस चोटी पर पहुंचकर वहां सीएम भूपेश बघेल की ओर से दिए गए राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा को छत्तीसगढ़ राज्य की जनता की ओर से फहराएंगी। आपको बता दें कि इस 15 अगस्त को पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव मनाएगा।
पीएम नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से अपील की है कि इस 15 अगस्त को पूरे देश के लोग आजादी को अमृत महोत्सव के तौर पर मनाएं। हर कार्यालय, हर घर, हर जगह झंडा फहराया जाए। इसी सिलसिले में छत्तीसगढ़ में 11 अगस्त से 17 अगस्त तक स्वतंत्रता सप्ताह मनाया जाएगा और अपने घरों, संस्थानों और दुकानों में राष्ट्रीय ध्वज को फहराया जाएगा।