भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर(भाला फेंक) नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर बड़ी उपलब्धी हासिल की है. प्लेयर ने अपने करियर का एक और ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए डायमंड लीग फाइनल जीतकर इतिहास रच दिया है. इसके साथ ही वे यह खिताब जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं.
24 वर्षीय नीरज चोपड़ा ने ज्यूरिख में हुए फाइनल्स में 88.44 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ यह खिताब अपने नाम किया. नीरज ने 2017 और 2018 में भी फाइनल के लिए क्वालिफाई किया था, हालांकि तब उन्हें क्रमशः सातवें और चौथे स्थान पर रहकर संतोष करना पड़ा था.
नीरज चोपड़ा ने यह कीर्तिमान अपने नाम करने के लिये चेक रिपब्लिक के जाकूब वैडलेक और जर्मनी के जूलियन वेबर को पीछे छोड़ा. इस जीत के साथ ही नीरज का दुनिया की हर बड़ी एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में पदक जीतने का सेट भी पूरा हो गया है. नीरज ने साल 2021 में ओलंपिक का गोल्ड, एशियन गेम्स 2018 और कॉमनवेल्थ गेम्स 2018 मे गोल्ड और इसी साल वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में सिल्वर मेडल जीता है.