नई दिल्ली :– ईरान और मिडिल ईस्ट में तेजी से बदलते हालात के बीच इंडिगो (IndiGo6E) ने बड़ा फैसला लेते हुए मिडिल ईस्ट और कुछ अन्य इंटरनेशनल सेक्टर्स के लिए अपनी फ्लाइट ऑपरेशन 1 मार्च 2026 शाम 6 बजे (1800 hrs IST) तक अस्थायी रूप से रोकने की घोषणा की है।
एयरलाइन ने इसे यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया प्रोएक्टिव सेफ्टी कदम बताया है और कहा है कि वह हालात पर चौबीसों घंटे नजर बनाए हुए है तथा एविएशन अथॉरिटीज़ के साथ लगातार समन्वय में है।
इंडिगो ने माना कि इस फैसले से यात्रियों की ट्रैवल प्लानिंग प्रभावित हो सकती है और असुविधा के लिए खेद जताया है। साथ ही कंपनी ने यात्रियों को राहत देते हुए 7 मार्च 2026 तक मिडिल ईस्ट और चुनिंदा इंटरनेशनल सेक्टर्स से आने-जाने वाली फ्लाइट्स पर फुल फ्लेक्सिबिलिटी देने का ऐलान किया है, जो 28 फरवरी 2026 या उससे पहले की गई बुकिंग पर लागू होगी।
प्रभावित यात्री बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी फ्लाइट रीशेड्यूल कर सकते हैं या पूरा रिफंड क्लेम कर सकते हैं। एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी फ्लाइट स्टेटस की जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट चेक करते रहें, ऑनलाइन रीबुकिंग या रिफंड का विकल्प इस्तेमाल करें और समय पर नोटिफिकेशन पाने के लिए अपनी कॉन्टैक्ट डिटेल्स अपडेट रखें। इंडिगो ने स्पष्ट किया है कि जैसे ही सुरक्षित फ्लाइट कॉरिडोर उपलब्ध होंगे, सेवाएं दोबारा शुरू कर दी जाएंगी।
