मध्यप्रदेश:- गुना में लोकसभा सीट 2024 के रुझान आना शुरू हो गए हैं. भाजपा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया मतपत्रों की गिनती में आगे चल रहे थे और कांग्रेस प्रत्याशी यादवेंद्र सिंह यादव पीछे चल रहे थे. अब पांच राउंड की गिनती के बाद सिंधिया करीब 87 हजार वोटों से आगे हो गए हैं
गुना लोकसभा सीट पर पिछले 5 सालों में कई परिवर्तन देखने को मिले हैं. यही कारण है कि इस सीट पर सबकी निगाहें टिकी हुई थीं. इस सीट पर टिकट वितरण के साथ ही सिंधिया की जीत पक्की मानी जा रही थी. बावजूद इसके पूरे सिंधिया परिवार ने जमीन पर उतरकर चुनाव प्रचार किया था.
क्या थे 2019 के नतीजे?
लोकसभा चुनाव 2019 की बात करें तो भाजपा के प्रत्याशी कृष्ण पाल सिंह यादव ने इस सीट पर कांग्रेस के नेता और गुना से लगातार जीत हासिल कर रहे ज्योतिरादित्य सिंधिया को करारी मात दी थी. इस जीत का मार्जिन 1 लाख 25 हजार था. कृष्ण पाल सिंह को 614,049 वोट मिले थे. वहीं कांग्रेस के ज्योतिरादित्य सिंधिया को 4,88,500 वोट मिले थे. 2014 में कांग्रेस प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भाजपा के जयभान सिंह पवैया को यहां हराया था. तब सिंधिया को 517,036 वोट मिले थे जबकि जयभान को 3,96,244 वोट मिले थे.
कौन है ज्योतिरादित्य सिंधिया?
ज्योतिरादित्य माधवराव सिंधिया एक वर्तमान में मोदी कैबिनेट में मंत्री हैं. वह मध्य प्रदेश राज्य से राज्य सभा में संसद सदस्य हैं. सिंधिया के राजनीतिक कद का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है, कि जब विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के जीत के बाद सरकार गिर गयी तब सिंधिया और उनके साथी मुख्य भूमिका में थे.
