नई दिल्ली :- धूप की मार से बचने के लिए शरीर को ठंडक चाहिए होती है. ऐसे में नींबू पानी का सेवन किया जाता है. इससे शरीर में पानी की कमी भी नहीं होती. मीठा या नमक वाला नींबू पानी बेहद स्वादिष्ट लगता है और ठंडे पानी से बना हो तो शरीर को तुरंत कूलिंग इफेक्ट्स देता है. नींबू पानी से शरीर को विटामिन सी, पौटेशियम और फोलेट मिलता है. इस पानी को पीने पर शरीर अंदर से साफ हो जाता है, टॉक्सिंस निकलने लगते हैं और डिटॉक्स इफेक्ट्स मिलते हैं. लेकिन, जिस तरह अति किसी भी चीज की बुरी होती है उसी तरह सेहत के लिए जरूरत से ज्यादा नींबू पानी का सेवन भी हानिकारक हो सकता है. अगर दिनभर में आप बहुत ज्यादा नींबू पानी पीते हैं तो इससे तबीयत बिगड़ सकती है.
दांत हो सकते हैं खराब – नींबू पानी एसिडिक सिट्रस फ्रूट है. अगर जरूरत से ज्यादा एसिडिक चीजों का सेवन किया जाए तो दांतों की ऊपरी परत खराब होने लगती है. इसलिए नींबू पानी जरूरत से ज्यादा पिया जाए तो दांत खराब हो सकते हैं. ऐसे में कोशिश यही करनी चाहिए कि नींबू के रस में ढेर सारा पानी मिलाकर ही इसका सेवन किया जाए.
बढ़ सकती हैं पेट की दिक्कतें – बहुत ज्यादा नींबू पानी पिया जाए तो पेट की दिक्कतें बढ़ सकती हैं. हार्टबर्न, एसिड रिफलक्स, जी मितलाना और उल्टी आने की संभावना बढ़ जाती है.
हो सकता है सिर का दर्द – नींबू में टायरामाइन होता है जो सिर दर्द और माइग्रेन का कारण बनता सकता है. अगर आप उन लोगों में से हैं जिन्हें अक्सर ही सिर के दर्द से दोचार होना पड़ता है तो आपको नींबू पानी की मात्रा का खास ख्याल रखने की जरूरत है.
छाले बढ़ सकते हैं – मुंह के छालों को बढ़ाने में भी नींबू पानी का असर दिख सकता है. मुंह में अक्सर ही छोटे लाल या सफेद छाले निकल आते हैं जिनमें तीव्र दर्द महसूस होता है और ठीक तरह से कुछ खाते-पीते नहीं बनता है. ऐसे में नींबू पानी इन छालों को बढ़ाने वाला साबित हो सकता है.
एक दिन में कितना नींबू पानी पीना चाहिए
नींबू पानी पीने पर शरीर को नुकसान ना हो और सेहत भी अच्छी रहे इसके लिए इसकी सही मात्रा जानना जरूरी है. एक्सपर्ट्स के अनुसार एक दिन में 2 नींबुओं का जूस पिया जा सकता है. 2 नींबू के रस में पानी मिलाकर ही पिएं.
