गुजरात : पाकिस्तानी नौसेना द्वारा आज एक भारतीय नाव पर फायरिंग करने की घटना में एक मछुआरे की मौत हो गई है। गुजरात तट के पास हुई गोलीबारी में पाक मरीन से 6 मछुआरों का अपहरण भी कर लिया है।घटना उस समय हुई जब गुजरात में द्वारका के नजदीक ओखा के पास भारतीय मछुआरे भारतीय समुद्री एरिया में मछली पकड़ने गए हुए थे। उसी दौरान पाकिस्तानी मरीन कंमाडो की बोट वहां से निकली और उन्होंने भारतीय बोट जिसका नाम ‘जलपरी’ था, उस पर फायरिंग कर दी।
6 मछुआरों का अपहरण
इस नाव में मछुआरे भीथे जिसमें एक मछुआरे की मौत हो गई है जबकि 6 मछुआरों का अपरहण पाकिस्तानी मरीन कमांडो ने किया है। फिलहाल इस मामले की तफ्तीश नेवी और कोस्ट के अलावा सुरक्षा एजेंसियों की द्वारा की जा रही है। अपहरण किए गए मछुआरों को कहां ले जाया गया इसका पता भी फिलहाल नहीं चल सका है।
पहले भी कर चुका है ऐसी हरकत
इस घटना को पाकिस्तान की छटपटाहट के रूप में देखा गया है। लेकिन पाकिस्तान की इस हरकत के बाद दोनों देशों के रिश्तों में फिर तनाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल कोस्ट गार्ड की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है। उम्मीद की जा रही है जल्द ही कोस्टगार्ड की तरफ से इस संबंध में बयान जारी होगा। यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान ने समुद्र में इस तरह की हकरत की हो, वह पहले भी भारतीय मछुआरों का अपहरण कर उनकी नाव जब्त कर चुका है।
इसी साल किया था 11 मछुआरों को अरेस्ट
इसी साल मार्च में पाकिस्तान ने 11 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया था। पाकिस्तान का आरोप था कि ये मछुआरे उसके जलक्षेत्र में घुस आए थे। कई बार तो मछुआरों को सालों तक बिना वजह जेलों में रहना पड़ता है।
स्पष्ट सीमा न होने की कीमत चुकाते हैं मछुआरे
पाकिस्तान और भारत अक्सर एक दूसरे के मछुआरों को गिरफ्तार करते रहते हैं क्योंकि अरब सागर में समुद्री सीमा का कोई स्पष्ट सीमांकन नहीं है। और मछुआरों के पास उनके सटीक स्थान को जानने के लिए तकनीक से लैस नौकाएं नहीं हैं। सुस्त नौकरशाही और लंबी विधिक प्रक्रियाओं के कारण, मछुआरे आमतौर पर कई महीनों तक जेलों में रहते हैं और कभी-कभी सालों तक भी।
श्रीलंका ने गिरफ्तार किए भारतीय मछुआरे
पिछले महीने श्रीलंकाई नौसेना ने देश के जलक्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में 23 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर उनकी दो नौकाएं जब्त कर लिया था। नौसेना ने उत्तरी प्रांत में पॉइंट पेद्रो क्षेत्र के वेट्टीलैकनी तट पर मछुआरों को गिरफ्तार किया था। मार्च में नौसेना ने अपने देश के जलक्षेत्र में मछली पकड़ने के आरोप में 54 भारतीय नागरिकों को पकड़ा था और उनकी नौकाएं जब्त कर ली थीं।