मध्यप्रदेश:- नया मुख्यमंत्री मोहन यादव के रूप में मिल गया है. लेकिन मध्यप्रदेश की जनता के मन में आज भी शिवराज सिंह चौहान बसे हुए हैं. इसका एक नजारा देखने को मिला मोहन यादव के शपथ ग्रहण समारोह में. शपथ ग्रहण समारोह समाप्त होने के तुरंत बाद जैसे ही शिवराज सिंह चौहान बाहर निकले, वैसे ही भारी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ताओं, युवा नेताओं और आम जनता द्वारा उनको घेर लिया गया और कई कार्यकर्ता मामा-मामा कहकर रोने लगे.
शिवराज सिंह चौहान के चारों ओर सिर्फ लोगों का हुजुम था. हर कोई उनके साथ सेल्फी लेना चाह रहा था और हर कोई उनको छूना चाह रहा था. शिवराज सिंह चौहान ने भी जितना संभव हुआ, उतने लोगों से हाथ मिलाया, गले लगाया और सीने से लगाया. लेकिन लोगों का हुजुम इतना था कि शिवराज सिंह चौहान को सुरक्षाकर्मियों ने कार में बैठाया.
इसके बाद लोगों के हुजुम ने उनकी कार को भी घेर लिया. कई युवा नेता शिवराज सिंह चौहान से कहने लगे कि मामा, आप हमको अकेला छोड़कर जा रहे हैं. आपके बिना हम अनाथ हो जाएंगे. ये सब सुनकर शिवराज सिंह चौहान बहुत अधिक भावुक हो गए और जैसे-तैसे उन्होंने अपनी डबडबाती आंखों से आंसू बहने से रोका. पूरा माहौल इतना भावुक था कि जिसने भी शिवराज सिंह चौहान की ओर देखा, उसके आंसू बह निकले.
सीएम मोहन यादव के साथ दिखा आलाकमान
जहां एक तरफ शिवराज सिंह चौहान की लोकप्रियता का आलम ये था कि लोग सीएम मोहन यादव को छोड़कर शिवराज सिंह चौहान को घेरकर खड़े हो गए थे और उनकी ओर अनकही आशाओं के साथ देख रहे थे. शिवराज सिंह चौहान ये सबकुछ मौन होकर सुन रहे थे और अपनी बॉडी लैग्वेंज से ही बिना कुछ बोले लोगों के अनकहे सवालों के जवाब देने की कोशिश कर रहे थे. वहीं नए सीएम मोहन यादव के साथ बीजेपी का पूरा आलाकमान साथ खड़ा दिख रहा था. एक तरफ जमीन पर शिवराज थे और उनके समर्थक व कार्यकर्ता तो दूसरी ओर बीजेपी आलाकमान था अपने नए सीएम मोहन यादव के साथ.
पीएम मोदी निकले राजभवन, ले रहे बैठक, शिवराज बैठक में नहीं
शपथ ग्रहण समारोह के बाद पीएम नरेंद्र मोदी सीधे राजभवन पहुंचे. यहां पर वे राज्यपाल और नए सीएम मोहन यादव के साथ बैठक कर रहे हैं. चर्चाएं चल रही हैं. मंत्रीमंडल को लेकर भी बातचीत हो रही है. लेकिन इस पूरी बातचीत और बैठक से दूर हैं पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान. शिवराज सिंह चौहान इस बैठक में मौजूद नहीं है.
