सबरीमला, 13 फरवरी । केरल के सबरीमला स्थित विश्व विख्यात भगवान अय्यप्पा मंदिर रविवार से मलयालम माह ‘कुम्बम’ में पांच दिवसीय पूजा के लिए खुल गया।
पहाड़ी मंदिर के श्रीकोविल (गर्भगृह) को मेलसंथी (प्रमुख पुजारी) एमएन परमेश्वरन नंबूदरी ने शनिवार को शाम पांच बजे थंत्री महेश मोहनारू (मुख्य पुजारी) की उपस्थिति में खोला।
इसके बाद मुख्य पुजारी ने गर्भग्रह से अग्नि लाकर पवित्र हवन कुंड (आझी) को प्रज्वलित किया।
हलांकि श्रीकोविल में जारी प्रथा के अनुसार कोई अनुष्ठान नहीं किया गया।
मासिक पूजा के हिस्से के रूप में भक्तों को आज तड़के से ही दर्शन के लिए अनुमति दे दी गयी।
मंदिर में नियमित अनुष्ठान और पूजा की जाएगी, जिसमें गणपति होमम, उषा पूजा, उच्चा पूजा, दीपाराधाना, अथझा पूजा, उदयस्थामाना पूजा, कालाभाभिषेकम, पदी पूजा और पुष्पाभिषेकम शामिल हैं।
वर्चअल क्यू प्रणाली के तहत टिकट लेने वाले तकरीबन 15,000 भक्त हर दिन भगवान अय्यप्पा के दर्शन करेंगे।
त्रावणकोर देवास्वोम बोर्ड के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) सुनिल अरुमानूर ने विज्ञप्ति में बताया कि भक्तों को पूर्ण टीकाकरण का प्रमाण पत्र या आरटी-पीसीआर की नेगेटिव रिपोर्ट पेश करनी होगी।
इस दौरान केरल राज्य परिवहन निगम (केएसआरटीसी) भक्तों के लिए विशेष वाहन सेवा उपलब्ध कराएगा।