मध्य प्रदेश :– सरकार का जोर अब पीएनजी के नेटवर्क को विस्तार देने पर है। इसके लिए भोपाल, इंदौर, उज्जैन सहित अन्य जिलों में पीएनजी लाइन के विस्तार के साथ कनेक्शन देने का काम किया जा रहा है। बुधवार को अपर मुख्य सचिव खाद्य नागरिक आपूर्ति रश्मि अरुण शमी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलों के अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी और नगरीय निकायों के अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए कि जहां पीएनजी की लाइन जोड़ी जा चुकी है, वहां 10 दिन के भीतर आपूर्ति प्रारंभ करें।
उपभोक्ताओं को चेतावनी, तीन माह बाद बंद हो सकती है सप्लाई
बैठक में निर्देश दिए गए कि जिन एलपीजी के उपभोक्ताओं ने कनेक्शन नहीं लिए हैं, उन्हें बताया जाए कि तीन माह बाद उनकी एलपीजी की आपूर्ति बंद की जा सकती है। रश्मि अरुण शमी ने कहा कि गृह विभाग के अधीन आने वाली संस्थाएं, सुधार गृहों के साथ-साथ पुलिस, सीएपीएफ, डिफेंस इस्टेब्लिशमेंट, ऑफिसर्स कॉलोनी, सामान्य प्रशासन पूल के घरों, पुलिस मुख्यालय, पुलिस कॉलोनी के आसपास पाइप लाइन बिछी हुई हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पीएनजी कनेक्शन दिए जाएं।
स्थानीय निकायों और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता
इस दौरान बताया गया कि ऐसे क्षेत्र, जहां पाइपलाइन बिछी है, वहां के रहवासियों एवं व्यवसायियों की सूची तैयार कर कॉलोनियों में शिविर लगाए जा रहे हैं। इस प्रक्रिया में स्थानीय निकायों के अधिकारियों, वार्ड पार्षद के साथ अन्य जनप्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाए। इसी तरह औद्योगिक क्षेत्रों में उन औद्योगिक इकाइयों की पहचान की जाए, जिन्हें पीएनजी पर शिफ्ट किया जा सकता है।
बिना एड्रेस प्रूफ के पांच किलो का सिलिंडर
ऑयल कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि जिले के दूसरे स्थान से काम करने आए मजदूर, कर्मचारी और विद्यार्थियों को खाना पकाने के लिए पांच किलोग्राम का सिलिंडर 1,529 रुपये प्रति कनेक्शन के मान से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके लिए एड्रेस प्रूफ की आवश्यकता भी नहीं है। इन सिलिंडर को 585 रुपये में रिफिल किया जा सकता है।
