मध्य प्रदेश :– सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती देने के लिए अब 484 नए पैरामेडिकल और नर्सिंग कर्मचारी जल्द ही मैदान में नजर आएंगे। कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आयोजित समूह-पांच भर्ती परीक्षा के अंतर्गत रिक्त रह गए पदों के लिए दूसरे चरण की काउंसलिंग और जिला आवंटन की सूची जारी कर दी गई है। इस कदम से जिला अस्पतालों से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक जांच और उपचार की सेवाएं और बेहतर हो सकेंगी।
ज्वाइनिंग के लिए 15 अप्रैल की समयसीमा
लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, जिन अभ्यर्थियों को इस द्वितीय काउंसलिंग के माध्यम से जिले आवंटित किए गए हैं, उन्हें अपनी ज्वाइनिंग प्रक्रिया जल्द पूरी करनी होगी। सभी चयनित उम्मीदवारों को 15 अप्रैल 2026 तक संबंधित जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) या सिविल सर्जन कार्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज कराना अनिवार्य है। निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी रद्द मानी जा सकती है।
