New Delhi : देश में बढ़ती महंगाई को लेकर हर तरफ हल्ला है। इसी बीच नितिन गडकरी के बयान से देश की जनता में खलबली मची है। देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच उन्होंने कहा है कि अगले पांच साल में देश से पेट्रोल को खत्म कर दिया जाएगा। इस पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा।
मंत्री नितिन गडकरी ने आज अकोला में डॉ. पंजाबराव देशमुख कृषि विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए थे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि अब विदर्भ में बने बायो-एथेनॉल का इस्तेमाल वाहनों में किया जा रहा है। ग्रीन हाइड्रोजन को कुएं के पानी से बनाया जा सकता है और 70 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेचा जा सकता है। गडकरी ने कहा कि अगले पांच साल में देश से पेट्रोल खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सिर्फ गेहूं, चावल, मक्का लगाने से कोई किसान अपनी भविष्य नहीं बदल सकता है। गडकरी ने कहा कि किसानों को ऊर्जा दाता बनने की जरूरत है न कि सिर्फ खाद्य प्रदाता ।
केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि इथेनॉल पर एक फैसले से देश को 20,000 करोड़ रुपये की बचत हुई है। निकट भविष्य में दोपहिया और चार पहिया वाहन ग्रीन हाइड्रोजन, एथेनॉल और सीएनजी पर आधारित होंगे। आगे कहा कि विदर्भ से कपास बांग्लादेश को निर्यात करने की योजना है, जिसके लिए विश्वविद्यालयों के सहयोग की आवश्यकता है। विदर्भ में किसानों की आत्महत्या को रोकने के लिए विश्वविद्यालय बहुत कुछ कर सकता है।