नई दिल्ली :– आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ के सफल समापन के बाद राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तुलना करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने नेहरू के दौर को ‘नागिन डांस’ का युग बताकर नई बहस छेड़ दी है।
बीजेपी के वरिष्ठ नेता और सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए कांग्रेस और नेहरू-गांधी परिवार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि जहाँ कांग्रेस के प्रधानमंत्री नेहरू दुनिया को ‘नागिन डांस’ दिखाते थे, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार दुनिया को आधुनिक टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का दम दिखा रही है। दुबे ने तंज कसते हुए लिखा कि विकास और तकनीक के इस बड़े अंतर के कारण कांग्रेस के भीतर गुस्सा होना स्वाभाविक है।
1962 की ऐतिहासिक तस्वीर साझा कर घेरा
अपने दावों को पुख्ता करने के लिए निशिकांत दुबे ने वर्ष 1962 की एक ऐतिहासिक तस्वीर भी साझा की। इस तस्वीर में तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू उस समय के अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन एफ. कैनेडी की पत्नी जैकलीन कैनेडी का स्वागत करते हुए दिखाई दे रहे हैं। दुबे ने इस तस्वीर के जरिए यह दर्शाने की कोशिश की कि कांग्रेस का ध्यान हमेशा से गंभीर विकास के बजाय अन्य बातों पर रहा है, जबकि वर्तमान सरकार भारत को तकनीकी रूप से विश्व गुरु बनाने की ओर अग्रसर है।
एआई समिट में कांग्रेस का ‘शर्टलेस’ प्रदर्शन
निशिकांत दुबे का यह बयान उस समय सामने आया जब कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में आयोजित एआई वर्ल्ड इम्पैक्ट समिट के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। शुक्रवार को इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के सदस्यों ने समिट के मुख्य स्थल, भारत मंडपम के पास अपनी शर्ट उतारकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने ऐसी टी-शर्ट पहनी थी जिस पर ‘Compromised PM’ जैसे नारे लिखे हुए थे। बीजेपी ने इस प्रदर्शन को दुनिया भर से आए नेताओं के सामने देश की छवि धूमिल करने वाला कृत्य करार दिया है।
चार कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी और कोर्ट का सख्त रुख
समिट के दौरान हुए इस हंगामे के सिलसिले में पुलिस ने इंडियन यूथ कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था। शनिवार को पटियाला हाउस कोर्ट ने इन कार्यकर्ताओं की जमानत अर्जी खारिज कर दी और उन्हें पांच दिनों की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। अदालत का यह फैसला कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
‘नई दिल्ली घोषणा’ के साथ समिट का समापन
राजनीतिक विवादों के बीच, 16 से 20 फरवरी 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस शिखर सम्मेलन का समापन ‘New Delhi Declaration on AI Impact’ को अपनाने के साथ हुआ। जहां सरकार इसे तकनीक के क्षेत्र में भारत की बड़ी छलांग बता रही है, वहीं निशिकांत दुबे के बयानों ने इस तकनीकी सफलता को राजनीतिक अखाड़े में तब्दील कर दिया है।
