भूत को लेकर काफी चर्चा में रहे कुनकुरी का कसजोरा नाला का पुलिया भले ही बनकर तैयार हो गया हो लेकिन आज भी यहां का भूत भागा नहीं हैं और आज भी इस भूत का खौफ इतना है कि 3 साल पहले बन चुके इस पुलिया का उद्घाटन करने तक की कोई हिम्मत नही जुटा पा रहा है । कसजोरा नाला कई साल पहले भाजपा शासन में स्वीकृत हो चुका था लेकिन भूत की भ्रांति कुछ् ऐसी फैली कि वर्षो तक यहां का काम रुका रह गया ।
बताया जा रहा था कि जब जब इस पूल का काम शुरू होता कोई न कोई अनहोनी हो जाती ।भूत को भगाने के लिए गांव के बैगाओ ने बहुत कोशिश की लेकिन भूत अपनी हरकत से बाज नहीं आता । कई बार ऐसा होता कि काम करते करते जेसीबी और मिक्सचर मशीन पलट जाते थे और कम पानी होने के बावजूद इन्हे पानी से निकालना मुश्किल हो जाता था ।
कई बार यहां जीवों की बलि भी दी गई लेकिन जो भी यहां काम करता उसके साथ कुछ न कुछ अनहोनी हो जाती और काम रुका रहा। आखिर में प्रदेश में नई सरकार बनी और सरकार बनने के अगले साल ही बहुत मुश्किल से यह पुलिया बनकर तैयार हो गया ।