नई दिल्ली :- अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतगणना जारी है। डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कमला हैरिस और रिपब्लिकन प्रत्याशी डोनाल्ड ट्रंप के बीच कांटे का मुकाबला बताया जा रहा है।
एक दिन पहले हुई वोटिंग के बाद काउंटिंग जारी है। एक-एक कर राज्यों के परिणाम आना शुरू हो गए हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने शुरू से बढ़त बनाई रखी है। अमेरिका में कुल 538 इलेक्टोरल वोट हैं और जीत के लिए 270 वोट की जरूरत होती है।
कुल इलेक्टोरल वोट: 538
जीत के लिए जरूरी: 270
डोनाल्ड ट्रम्प: 232
कमला हैरिस: 198
ट्रंप की जीत की उम्मीद से भारतीय शेयर बाजार 80 हजार पार
अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के एक बार फिर राष्ट्रपति बनने की उम्मीद का असर भारत में शेयर बाजार पर भी देखने को मिल रहा है। सुबह से ट्रंप आगे चल रहे हैं और इसका असर यह हुआ कि भारतीय शेयर बाजार 250 अंक की बढ़त के साथ खुला। 10 बजे बाद यह बढ़त 615 अंक की हो गई और सेंसेक्स 80 हजार के स्तर को पार कर गया।
अब तक के परिणामों से स्पष्ट है कि 7 स्विंग स्टेट की तय करेंगे कि परिणाम क्या होगा।
अब तक के परिणामों के मुताबिक, इन 7 राज्यों में से 2 राज्यों में डोनाल्ड ट्रंप जीते हैं और 2 में कमला हैरिस विजयी हुई हैं। शेष में कहीं वोटिंग जारी है, तो कहीं मतगणना शुरू नहीं हुई है।
विस्कॉन्सिन और नॉर्थ कैरोलिना में ट्रंप जीत हासिल करने में कामयाब रहे हैं। अब तक के ट्रैंड और नतीजों में कमला हैरिस पीछे हैं और ट्रंप जीत की ओर बढ़ रहे हैं। आज ही पूरा परिणाम आ सकता है।
कैलिफोर्निया की भूमिका अभी अहम होने जा रही है। यहां 54 इलेक्टोरल वोट हैं। परंपरागत रूप से यह राज्य कमला हैरिस की पार्टी के खाते में जाता रहा है। यहां काउंटिंग जारी है।
टेक्सास में डोनाल्ड ट्रंप ने जीत दर्ज की है। उनको यहां 40 इलेक्टोरल वोट मिले हैं। वहीं न्यूयॉर्क डेमोक्रेटिक पार्टी का गढ़ रहा है। यहां कमला हैरिस को जीत मिली है।
अब तक के नतीजों के मुताबिक, दक्षिण कैरोलिना, इंडियाना, केंटकी, मिसिसिपी और मिसौरी में ट्रम्प को विजेता घोषित किया जा चुका है। जबकि कमला हैरिस को इलिनोइस और रोड आइलैंड में विजेता घोषित हुई हैं।
सर्वे में ट्रंप की जीत का अनुमान
न्यूयॉर्क टाइम्स के सर्वे में डोनाल्ड ट्रम्प की जीत का अनुमान लगाया गया है। इस सर्वे के अनुसार, ट्रम्प को 285 इलेक्टोरल वोट मिल सकते हैं। हालांकि, अंतिम परिणाम आने में समय लग सकता है।
